Thursday 07-May-2026

हेमंत सोरेन ने इस्तीफा दिया, चंपई सोरेन होंगे झारखंड के नए मुख्यमंत्री

हेमंत सोरेन ने इस्तीफा दिया, चंपई सोरेन होंगे झारखंड के नए मुख्यमंत्री

हेमंत सोरेन ने बुधवार को झारखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और इसके साथ ही सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने नए मुख्यमंत्री के रूप में वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन का नाम प्रस्तावित किया। भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा लगभग सात घंटे तक पूछताछ किए जाने के बाद सोरेन ने राजभवन में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। वहीं राज्यसभा सदस्य महुआ माजी ने बताया कि हेमंत सोरेन को प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में ले लिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि हेमंत सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। सत्तारूढ़ झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन ने नए मुख्यमंत्री के रूप में वरिष्ठ झामुमो नेता चंपई सोरेन का नाम प्रस्तावित किया है। इससे पहले मुख्यमंत्री आवास पर जुटे विधायकों ने चंपई सोरेन को झामुमो विधायक दल का नेता चुना।

पार्टी प्रवक्ता विनोद पांडे ने कहा कि चंपई सोरेन के नाम पर आम सहमति बनी। इससे पहले ऐसी अटकलें थीं कि नए मुख्यमंत्री के तौर पर हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना का नाम प्रस्तावित किया जा सकता है।