बिहार के लखीसराय जिले में मंगलवार की देर रात यात्रियों से भरे ऑटो को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दिल दहला देने वाला यह हादसा सिकंदरा एसएच पर बिहरौरा गांव के पास हुई। ट्रक की टक्कर से ऑटो पर सवार रहे चालक सहित नौ लोगों की मौत हो गई। जबकि पांच गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल से पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार सदर प्रखंड के महिसोना निवासी महावीर गोस्वामी का पुत्र मनोज गोस्वामी ऑटो चलाने का कार्य करता था। वह जमुई जिला के सिकंदरा से केटरर का कार्य खत्म कर घर जाने वाले लोगों को रिजर्व बुकिंग कर सिकंदरा से लेकर लखीसराय स्टेशन लेकर आ रहा था। इसी दौरान लखीसराय की ओर से जा रहे सीमेंट लदा ट्रक से ऑटो की आमने सामने की टक्कर हो गई। ऑटो के परखच्चे उड़ गये।
मृतकों की सूची
मुंगेर जिला के जमालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत फरीदपुर ओपी के केशोपुर नया टोला जंगीरा के छितो पासवान का 24 वर्षीय पुत्र अमित कुमार एवं 20 वर्षीय दीवाना कुमार (सहोदर भाई), वीर पासवान का 24 वर्षीय पुत्र विकास कुमार एवं अंकित कुमार (जुड़वां भाई), धर्मेन्द्र पासवान का 20 वर्षीय पुत्र मोनू कुमार, हीरा पासवान का 20 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार उर्फ दुआ पासवान, उपेन्द्र पासवान का 18 वर्षीय पुत्र अनुज कुमार एवं जगदीशपुर के शंकर पासवान का पुत्र 24 वर्षीय किशन कुमार के अलावा लखीसराय प्रखंड के महिसोना के महावीर गोस्वामी का 35 वर्षीय पुत्र मनोज गोस्वामी ऑटो ड्राइवर शामिल है।
घायलों की सूची
मुंगेर जिला के जमालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत फरीदपुर ओपी के केशोपुर नया टोला जंगीरा के संजीव पासवान का 24 वर्षीय पुत्र रितिक कुमार, छितो पासवान का 18 वर्षीय पुत्र सागर कुमार, लाखो पासवान का 17 वर्षीय पुत्र शाहिल कुमार, बिरजु पासवान का 18 वर्षीय पुत्र सावन कुमार एवं नया गांव के मायाधर कुजुर का 22 वर्षीय संजीत कुमार उर्फ संजू शामिल है।