Saturday 13-Jun-2026

हावड़ा-पटना वंदे भारत में आई खराबी, पहले स्टॉपेज के बाद नहीं चली

हावड़ा-पटना वंदे भारत में आई खराबी, पहले स्टॉपेज के बाद नहीं चली

सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत में अचानक ट्रैक पर खराबी की घटना सामने आने लगी है। ताजा मामला हावड़ा-पटना वंदे भारत का है। मंगलवार को हावड़ा से पटना आ रही वंदे भारत चलते चलते अचानक रुक गई । ट्रेन के यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए रेलवे को दूसरी ट्रेन की व्यवस्था करनी पड़ी। इस दौरान रेलयात्रियों ने जमकर हंगामा भी किया। यात्रियों के अनुसार 30 अप्रैल यानी मंगलवार को हावड़ा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय दोपहर 3 बजकर 50 मिनट पर हावड़ा जंक्शन से पटना जंक्शन के लिए रवाना हुई। यात्री आरामदायक सफर के आनंद में थे तभी पहले स्टॉपेज यानी दुर्गापुर के पास ही ट्रेन चलते-चलते रुक गयी। इसके बाद इसे समय रहते ठीक न किया जा सका। इसके बाद यात्रियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।

यात्रियों के हंगामे की खबर मिलते ही पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन ने दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की और यात्रियों को दुर्गापुर से पटना लाया। इसके साथ ही सभी यात्रियों का पैसा भी रिफंड किया गया। यात्रियों को विकल्प दिया गया कि अगर वह टिकट का रिफंड तुरंत लेना चाहते हैं तो ले सकते हैं। 129 रेलयात्रियों ने अबतक रिफंड लिया है।

ट्रेन की ब्रेक सीज होने की बात आई सामने
रेलवे सूत्रों ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस की ब्रेक सीज हो गयी, जिसके कारण वह नहीं चली। घंटों मशक्कत के बाद भी उसमें आई यह खराबी दूर नहीं हो पाई। बाद में उसे किसी तरह पटना स्थित राजेंद्र नगर यार्ड में लाया गया। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बुधवार को राजेंद्र नगर यार्ड में ट्रेन का निरीक्षण किया। खराबी को लेकर उन्होंने इंजीनियरों से बात की। सूत्रों ने बताया कि ट्रेन को ठीक कर उसका ट्रायल रन कराया जाएगा। इसके बाद इसका परिचालन शुरू होगा। गौरतलब है कि यह ट्रेन हफ्ते में एक दिन बुधवार को नहीं चलती है।