Sunday 14-Dec-2025

सुप्रीम कोर्ट में उठा बिहार में लगातार पुल गिरने का मुद्दा, बिहार सरकार और NHAI को नोटिस जारी

सुप्रीम कोर्ट में उठा बिहार में लगातार पुल गिरने का मुद्दा, बिहार सरकार और NHAI को नोटिस जारी

पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।

सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को बिहार में लगातार गिर रहे पुलों को लेकर दाखिल याचिका पर सुनवाई हुई। शीर्ष अदालत ने इस मामले में बिहार और केंद्र सरकार से जवाब मांगा है। याचिका में मांग की गई है कि बिहार में सभी पुलों का ऑडिट किया जाए ताकि उनकी हालत का पता चल सके। इस समय बन रहे सभी पुलों की भी निगरानी की व्यवस्था बनाई जाए। दरअसल, बिहार में पिछले दिनों बारिश के चलते लगातार कई पुल गिरे थे। राज्य में 15 दिन में छोटे-बड़े मिलाकर 12 ब्रिज गिरे थे। बिहार के रहने वाले वकील ब्रजेश सिंह ने कोर्ट में याचिका दायर कर सभी कमजोर पुलों को गिराने का निर्देश देने की मांग की है।

ब्रजेश सिंह ने अपनी याचिका में कहा है कि बिहार में पुलों के बेहद दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से गिरने के संबंध में याचिका दाखिल होने तक अररिया जिले में 6 पुलों के गिरने की खबर है। इनमें से ज्यादातर पुल नदी पर बने हैं। याचिका में सीवान, मधुबनी, किशनगंज और अन्य जगहों पर ब्रिज गिरने की घटना का भी जिक्र है।

impact add4

याचिका में सुप्रीम कोर्ट से मामले में समुचित आदेश या निर्देश जारी करने की अपील की गई है। इसमें बिहार राज्य को राज्य में सभी कमजोर मौजूदा पुलों और निर्माणाधीन पुलों का ऑडिट करने और ध्वस्त करने का निर्देश देने की मांग की गई है। साथ ही बिहार में निर्मित, पुराने और निर्माणाधीन पुलों की वास्तविक समय निगरानी के लिए उचित नीति या तंत्र बनाने का निर्देश देने की मांग की गई है। साथ ही याचिका में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट बिहार के क्षेत्र में आने वाले पुलों के लिए सेंसर का उपयोग करके पुलों की मजबूती की निगरानी के लिए एक अनिवार्य दिशानिर्देश जारी किए जाए।