Saturday 13-Jun-2026

जन विश्वास यात्रा: तेजस्वी यादव बोले- नीतीश चाचा थक गए, नहीं संभल रहा बिहार

जन विश्वास यात्रा: तेजस्वी यादव बोले- नीतीश चाचा थक गए, नहीं संभल रहा बिहार

जन विश्वास यात्रा पर निकले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बुधवार को जमुई, लखीसराय, खगड़िया व मधेपुरा पहुंचे। लखीसराय में नुक्कड़ सभा को संबोधित करने के दौरान तेजस्वी ने सीएम नीतीश कुमार के साथ ही हाल में राजद से पाला बदलकर भाजपा के पक्ष में गए विधायक प्रह्लाद यादव पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि नीतीश चाचा बूढ़े हो गए हैं, अब बिहार उनसे नहीं संभल रहा है। वहीं विधायक प्रह्लाद पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भले हुआ कि वे खुद चले गए। अब युवाओं को मौका देंगे, जो सभी को साथ लेकर चलेगा।

तेजस्वी ने कहा कि उम्मीद है कि जो डील हुआ उसका लाभ उन्हें मिलेगा। उन्होंने कहा कि राजद अब माय नहीं बल्कि माय एवं बाप दोनों की पार्टी है। उन्होंने कहा कि माई-बाप का मतलब जनता होती है। तेजस्वी ने अपने 17 महीने के कार्यकाल को गिनाते हुए पांच लाख लोगो को नौकरी देने, जाति आधारित गणना कराने एवं 75 प्रतिशत आरक्षण करने को भी लोगों को याद दिलाया।

बुधवार को तेजस्वी यादव सड़क मार्ग के रास्ते खगड़िया पहुंचे। इस दौरान उनका जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी जाति व धर्मो के लोगों को साथ लेकर नया बिहार बनाना है इधर पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का एक झलक पाने के लिए जिले चौथम प्रखंड के ठेरवा पार और करुआमोड़ में समर्थकों की भीड़ देखी गई। इसके बाद वे मधेपुरा के लिए निकले गए।