बिहार के समस्तीपुर जिले में हथियारों से लैस अपराधियों ने बुधवार देर शाम रिलायंस ज्वेल्स से करीब डेढ़ करोड़ के गहने लूट लिए। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी के साथ सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। बदमाशों की संख्या आठ से 10 बतायी गई।
जानकारी के अनुसार, शहर के मोहनपुर रोड में रिलायंस ज्वेल्स में शाम करीब 7.45 बजे आठ से दस हथियारबंद बदमाश घुस गए। उस समय दुकान बंद करने की तैयारी थी। बाहर के शटर को कर्मी गिरा रहे थे। इसी दौरान 10 बदमाशों ने हथियार के बल पर जेवरात लूटना शुरू कर दिया। विरोध की कोशिश पर कर्मियों के साथ मारपीट की। दुकान में घुसे बदमाशों ने महज 15 मिनट में डेढ़ से दो करोड़ के गहने लूट लिए व बैग-झोला में भरकर फरार हो गए। बदमाशों ने शोरूम में मौजूद अधिवक्ता सुधाकर राय से भी छह लाख रुपये व मोबाइल लूट लिए।
एएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों को चिह्नित कर छापे मारे जा रहे हैं। डेढ़ करोड़ के जेवरात की लूट हुई है। स्टोर प्रबंधक के आवेदन के बाद ही राशि की सही जानकारी हो सकेगी।