Friday 01-May-2026

Jhansi medical college Fire: 10 बच्चों की मौत का कौन है जिम्मेदार? सीएम योगी ने दिए जांच के आदेश, PM मोदी ने जताया शोक

Jhansi medical college Fire: 10 बच्चों की मौत का कौन है जिम्मेदार? सीएम योगी ने दिए जांच के आदेश, PM मोदी ने जताया शोक

झांसी, इंपैक्ट लाइव टीम।

उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के नवजात शिशु गहन देखभाल ईकाई (एनआईसीयू) में आग लगने से दस बच्चों की मौत हो गयी है। शुक्रवार रात एनआईसीयू वार्ड में आग लगते ही मौके पर अफरा तफरी मच गयी और वहां मौजूद स्टाफ तथा लोग जिन भी बच्चों को लेकर निकल सके उन्हें लेकर निकले । दुर्घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन, बचाव टीम और दमकम विभाग की गाडियां मौके पर पहुंची। हालात इतने भीषण थे कि खिड़कियों की जालियां तोड़कर शिशुओं को बाहर निकाला गया।

जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू में मौजूद स्टाफ के द्वारा प्रथम दृष्टया बताया गया कि इस वार्ड के दो हिस्से हैं अधिक क्रिटिकल बच्चों को रखने वाली अंदर वाली यूनिट और कम क्रिटिकल बच्चों वाली बाहर की यूनिट। अंदर की यूनिट से संभवत: शॉट सर्किट से साढे दस बजे आग लगी। बाहर वाली यूनिट से लगभग सभी बच्चों को बचा लिया गया है । अंदर की यूनिट से भी कई बच्चों को बचाया गया लेकिन प्रथम दृष्टया दस बच्चों की मौत हो गयी है। बचाव कार्य जारी है। समय रहते दमकल और बचाव टीम मौके पर पहुंच गयी थी। गंभीर रूप से घायल को उपचार दिया जा रहा है। कमिश्नर और डीआईजी की अध्यक्षता में एक जांच कमेटी का गठन कर दिया गया है, जिसके संबंध में मुख्यमंत्री द्वारा रिपोर्ट मांगी गयी है।

impact add6

सीएमएस सचिन माहौर ने बताया कि एनआईसीयू वार्ड में 54 बच्चे भर्ती थे ,जिसमें 10 बच्चों की मौत हो गयी लेकिन बाकी बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया है और उनका इलाज इमरजेंसी में किया जा रहा है। जिस दौरान यह दु:खद हादसा हुआ उस समय मौके पर पवन राजपूत ने बताया कि उनका तीन दिन का भतीजा भी नीकू वार्ड में भर्ती था और इस भीषण हादसे में उसकी मौत हो गयी है। मेडिकल कॉलेज परिसर में अफरातफरी का माहौल है। प्रशासन ने व्यवस्थाओ को संभालने के लिए इमरजेंसी में दो से थानों की पुलिस को तैनात किया है। राहत एवं बचाव कार्य तेजी से किया जा रहा है। पीडित परिजनों के बीच गहरी शोक की लहर है।

पीएम मोदी और सीएम योगी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झांसी मेडिकल कॉलेज में आग लगने से हुए नवजात बच्चों की मौत पर शोक व्यक्त किया। मोदी ने एक्स पर शनिवार को कहा कि हृदयविदारक! उत्तर प्रदेश में झांसी के मेडिकल कॉलेज में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। इसमें जिन्होंने अपने मासूम बच्चों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव के हरसंभव प्रयास में जुटा है।

पीएम मोदी ने इस दुर्घटना में मृत लोगों के निकट परिजनों कोप्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहन दुख जताते हुए दिवंगत आत्माओं की सद्गति के लिए प्रार्थना की है और अधिकारी को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाने के आदेश दिये हैं। उन्होंने एक्स कर लिखा कि जनपद झांसी स्थित मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू में घटित एक दुर्घटना में हुई बच्चों की मृत्यु अत्यंत दुखद एवं ह्रदयविदारक है। जिला प्रशासन तथा संबंधित अधिकारियों को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों को संचालित कराने के निर्देश दिये हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।