रांची, इंपैक्ट लाइव टीम।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार ने हर वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाएं और नीतियां बनाई है और इसे धरातल पर उतारा है। सीएम हेमंत सोरेन ने गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस पर रांची के मोहाराबाद मैदान में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और इसके बाद परेड की सलामी ली।
इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बेहद खास तरीके से स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। सीएम हेमंत सोरेन ने अपने सोशल मीडिया साइट 'एक्स' पर जेल में लिखी अपनी एक कविता को शेयर कर देशवासियों को 78वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि जेल के एकांतवास में अपने महान राष्ट्र के लिये कुछ पंक्तियां लिखी थीं।
प्यारा देश,
जहां सब फलें-फूलें, आबाद रहें,
जाति-पाति के बंधनों से मुक्त, नफरत और कट्टरता से आज़ाद रहें
धार्मिक उत्पीड़न का अंत हो, हम एक साथ खड़े हैं,
हर संकट में एकजुट, हर खुशी त्योहार में एक रंग, एक संग
इस विशाल संसार में हम भारतीय जहां भी जाएं,
हमारे दिल तुम्हारे लिए धड़कते रहें, आपका यशगान सदैव करते रहें
हमारा घर, हमारी शक्ति, हमारा गौरव,
हमारा प्यारा देश.