राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को दावा किया कि झारखंड की जनता पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ हुए अन्याय के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मुंहतोड़ जवाब देगी। विपक्षी गठबंधन इंडिया की उलगुलान न्याय रैली में हिस्सा लेने के लिए रांची पहुंचने के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन का उद्देश्य देश और संविधान को बचाने के लिए भाजपा को उखाड़ फेंकना है।
उन्होंने कहा, झारखंड की जनता पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ हुए अन्याय के लिए भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देगी। हमारा उद्देश्य देश, लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए भाजपा को जड़ से उखाड़ फेंकना है। विपक्षी गठबंधन इंडिया के घटक दलों के एकजुट होने का दावा करते हुए यादव ने कहा, 400 सीट की फिल्म लोकसभा चुनाव के पहले चरण में ही फ्लॉप हो गई है।