लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि जैसे सूरज का उगना तय है, वैसे ही नरेंद्र मोदी का पीएम बनना तय है। मुजफ्फरपुर जिले के हनुमाननगर के डिलाही और मनीगाछी के राघोपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए चिराग ने कहा कि जो पिछली बार जीरो पर आउट हुए थे, वे इस बार भी जीरो पर ही आउट होंगे।
एनडीए प्रत्याशी गोपालजी ठाकुर के पक्ष में वोट मांगते हुए कहा चिराग ने कहा कि तीन चरणों का चुनाव हो चुका है, जिससे पता चल रहा है की मोदी तीसरी बार भी प्रधानमंत्री बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भारत विकसित राष्ट्र बनेगा तो देश का हर एक गांव विकसित होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का काम किया है। आज से एक दशक पहले तक कोई नहीं जानता था कि हमारी अर्थव्यवस्था कैसी है, लेकिन आज हमारे देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में पांचवें पायदान पर है।
उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया कि ना संविधान को खतरा है और ना ही आरक्षण को। कहा कि संविधान एवं आरक्षण खत्म करने का झूठा प्रचार कर विरोधी समाज में भ्रम फैला रहे हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा चिराग ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर विरासत टैक्स लगाकर आम लोगों की जमीन जायदाद, गहने एवं अन्य संपत्तियों को जब्त कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार बिहार की सभी 40 सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित होगी।