Saturday 09-May-2026

तिहाड़ जेल से निकले केजरीवाल, कहा- हमें मिलकर देश को तानाशाही से बचाना है

तिहाड़ जेल से निकले केजरीवाल, कहा- हमें मिलकर देश को तानाशाही से बचाना है

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 50 दिनों की हिरासत के बाद शुक्रवार को तिहाड़ जेल से बाहर आने पर भगवान हनुमान को धन्यवाद दिया और देश से ''तानाशाही'' खत्म करने की अपनी लड़ाई में जनता से समर्थन मांगा। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक को उच्चतम न्यायालय ने इससे पहले दिन में आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन के मामले में एक जून तक की अंतरिम जमानत दे दी। शीर्ष अदालत ने केजरीवाल को दो जून को आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है।

आप नेताओं ने कहा कि केजरीवाल को दी गई अंतरिम राहत 'आप' और 'इंडिया' गठबंधन, दोनों के अभियान के लिए 'बाजी पलटने वाली' होगी क्योंकि लोकसभा चुनाव आगामी हफ्तों में महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर रहा है। विपक्षी नेताओं ने भी केजरीवाल की अंतरिम जमानत का स्वागत करते हुए कहा कि ''लोकतंत्र बचाने की लड़ाई'' अब और अधिक गति पकड़ेगी। 'इंडिया' गठबंधन के एक शीर्ष नेता के रूप में केजरीवाल का कद बढ़ने का संकेत देते हुए 'आप' के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि वह लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए पूरे देश में जाएंगे।

केजरीवाल शुक्रवार शाम जैसे ही जेल से बाहर आए, आप कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने 'जेल के ताले टूट गए, केजरीवाल छूट गए' के नारे लगाए। जेल के बाहर एक कार की सनरूफ के ऊपर खड़े होकर, भूरे रंग की टी-शर्ट पहने केजरीवाल ने उनके स्वागत के लिए वहां एकत्र हुए आप कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित किया।

'भारत माता की जय', 'वंदे मातरम' और 'इंकलाब जिंदाबाद' के नारे के साथ संबोधन की शुरुआत करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं अपनी पूरी ताकत से तानाशाही के खिलाफ लड़ रहा हूं, लेकिन (देश के) 140 करोड़ लोगों को साथ आना होगा। हमें मिलकर इसके खिलाफ लड़ना है। उन्होंने कहा कि वह शनिवार पूर्वाह्न 11 बजे कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर जाएंगे और अपराह्न एक बजे आप कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

केजरीवाल ने कहा, मुझे आपके बीच आकर बहुत अच्छा लग रहा है। मैंने आपसे कहा था कि मैं जल्द ही बाहर आऊंगा...सबसे पहले, मैं भगवान हनुमान को प्रणाम करना चाहता हूं। हनुमान जी के आशीर्वाद से मैं आपके बीच हूं। उन्होंने लोगों से भी बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचने की अपील की।