कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पार्टी नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए महाराष्ट्र में प्रचार करेंगे। कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को यह जानकारी दी। कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे ने कहा कि राहुल गांधी 13 अप्रैल को भंडारा-गोंदिया निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार करेंगे, जबकि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा 15 अप्रैल को चंद्रपुर में होंगी और पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगी।
उन्होंने कहा कि खरगे आठ या नौ अप्रैल को रामटेक में होंगे। रामटेक, नागपुर, चंद्रपुर, भंडारा-गोंदिया, गढ़चिरौली-चिमूर महाराष्ट्र के पांच निर्वाचन क्षेत्र हैं, जहां 19 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होगा। रामटेक को छोड़कर बाकी चार सीट पर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। रामटेक में कांग्रेस के पूर्व विधायक राजू परवे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना से चुनाव लड़ रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (नागपुर), भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार (चंद्रपुर) प्रमुख उम्मीदवार हैं। महाराष्ट्र में लोकसभा की 48 सीट हैं और इनके लिए चुनाव 19 अप्रैल से 20 मई के बीच पांच चरणों में होंगे।