तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद से ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की विशेष टीम ने पटना के गांधी मैदान इलाके में मौजूद जोनल कार्यालय में करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। सोमवार सुबह करीब सवा 11 बजे लालू प्रसाद अपनी बड़ी बेटी सांसद मीसा भारती के साथ ईडी कार्यालय पहुंचे। इसके बाद उन्हें कार्यालय के दूसरे तल पर ले जाया गया। फिर पूछताछ का सिलसिला शुरू हुआ। रात नौ बजे लालू ईडी दफ्तर से बाहर आए। इसी मामले में पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव से मंगलवार को ईडी पूछताछ करेगी।
पूछताछ के लिए दिल्ली ईडी मुख्यालय से करीब 12 अधिकारियों की विशेष टीम पटना आई है, जिसमें केस के अनुसंधान अधिकारी समेत अन्य शामिल हैं। पूछताछ की पूरी प्रक्रिया के बारे में अधिकृत तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गई है। परंतु सूत्रों के अनुसार, तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद के कार्यकाल 2004 से 2009 के बीच नौकरी के बदले जमीन मामले से जुड़े 50 से अधिक सवाल पूछे गए।
इतनी लंबी पूछताछ के दौरान लालू प्रसाद को चाय, नाश्ता, दोपहर का भोजन और शाम का नाश्ता भी दिया गया। डॉक्टर की तरफ से लिखी हुई सभी दवाइयां भी उन्हें निर्धारित समय पर खाने की अनुमति दी गई। इन दवाइयों को खिलाने के लिए कुछ अंतराल पर बेटी मीसा भारती को अकेले कार्यालय के अंदर आने की अनुमति दी जाती थी।