राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कहा कि भूखे, प्यासे रहकर भी लोग अपना हक लेना जानते हैं। इस बार के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार का जाना तय है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आरक्षण और बाबा साहब के संविधान को खत्म करना चाहती है, इसे किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे। लालू सोमवार को पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र से राजद प्रत्याशी डॉ. मीसा भारती के नामांकन के बाद श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।
लालू ने कहा कि आज संविधान में कुछ हुआ तो देश की जनता पूरी तरह से नाराज हो जाएगी। भारत क्रांति की धरती है। अन्याय के खिलाफ भारत में हमेशा क्रांति हुई है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव तबियत खराब होने के बावजूद लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के रोड शो पर कहा कि कल मोदी व नीतीश कुमार हुलुक-हुलुक के देख रहे थे कि पटना के लोग नहीं हैं। इस बार बिहार समेत पूरे देश ने मन बना लिया है कि सत्ता बदल देना है। उन्होंने अपने परिवार को लेकर किए जाने वाले प्रहार पर कहा कि मैं इसकी परवाह नहीं करता। इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बढिया से विदाई होगी। इस मौके पर लालू प्रसाद ने अपने प्रिय कहावतों-लागल-लागल झुलनियां में धक्का और एक छौड़ी बुलकी सुनाकर भी तंज किया।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि 34 साल के नौजवान के खिलाफ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य दिग्गज नेता चुनाव प्रचार में उतरे हुए हैं। इनमें केंद्रीय मंत्री, असम, उत्तरप्रदेश,मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री सहित बिहार के दो-दो उपमुख्यमंत्री सहित केंद्रीय एवं राज्य के मंत्रिमंडल के मंत्री भी शामिल है। इन मंत्रियों द्वारा हेलीकॉप्टर से जाकर बिहार के लोगों के स्वाभिमान और न्यायप्रिय जनता के मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति की वजाय हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद, पाकिस्तान, कब्रिस्तान और मछली, तितली की बात की जा रही है।