आरजेडी प्रमुख लालू यादव ने वर्ष 2015 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के एक लिफ्ट में फंस जाने की घटना का जिक्र करते हुए सोमवार को उन पर निशाना साधा। दो दिन पहले पालीगंज में आयोजित एक रैली में अमित शाह ने आरजेडी पर जमीन हड़पने वालों को संरक्षण देने का आरोप लगाया था और उन्हें उल्टा लटकाकर सीधा करने की बात कही थी। आरजेडी प्रमुख ने अमित शाह के इसी बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।
बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए अपनी पत्नी राबड़ी देवी, पार्टी के तीन अन्य उम्मीदवारों और सहयोगी दल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के एक उम्मीदवार के नामांकन दाखिल कराने को लेकर विधानसभा परिसर पहुंचे लालू ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान पहले तो पूछा कि कौन हैं अमित शाह? फिर लालू ने कहा कि एक बार लिफ्ट के अंदर फंस नहीं गए थे, वह फिर फंस जाएंगे।
लालू का इशारा 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान की एक घटना की ओर था, जब अमित शाह अपनी पार्टी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए पटना आए थे और पटना गेस्ट हाउस की एक लिफ्ट में आधे घंटे तक फंस गए थे। इस दौरान उनके साथ कई अन्य नेता भी थे। संयोग से उक्त चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगियों को हार का सामना करना पड़ा था जबकि जेडीयू, आरजेडी और कांग्रेस वाले महागठबंधन ने शानदार जीत हासिल की थी।
जेडीयू प्रमुख नीतीश कुमार हाल ही में महागठबंधन से अलग होकर भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में वापस आ गए हैं। लालू की टिप्पणी पर भाजपा की बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष एवं डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू प्रसाद दशकों से राजनीति में हैं। लेकिन उन्होंने कभी भी ऐसा कुछ नहीं कहा जिसे गंभीरता से लिया जा सके।