बिहार महागठबंधन में घटक दलों के बीच सीट बंटवारा हो गया है। शुक्रवार को इसकी घोषणा राजद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी ने की। महागठबंधन के सहयोगी दल राजद 26 लोकसभा सीटों, कांग्रेस नौ, भाकपा-माले तीन, भाकपा और माकपा एक-एक सीट पर चुनाव लड़ेंगे। आरजेडी और कांग्रेस के बीच फंसी पूर्णिया सीट लालू यादव की पार्टी आरजेडी अपने पास ही रखेगी। कांग्रेस को इस सीट से बड़ा झटका लगा है। साथ ही पप्पू यादव के लिए भी यह बुरी खबर है।
बिहार में जिन 26 सीटों पर आरजेडी लड़ेगी उनमें औरंगाबाद, मधेपुरा, गया, जमुई, नवादा, सारण, पाटलिपुत्र, बक्सर, उजियारपुर, जहानाबाद, दरभंगा, बांका, अररिया, मुंगेर, सीतामढ़ी, झंझारपुर, मधुबनी, सीवान, हाजीपुर, वाल्मीकि नगर, पूर्वी चंपारण, सुपौल, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज और पूर्णिया शामिल है।
वहीं कांग्रेस के खाते में जो सीटें गई हैं उनमें कटिहार, किशनगंज, पटना साहिब, पश्चिमी चंपारण, सासाराम, महाराजगंज, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर शामिल है। इसके अलावा सीपीआईएमल को तीन सीट आरा, नालंदा और काराकाट दी गई है। सीपीआई को एक सीट बेगूसराय और सीपीएम को एक सीट खगड़िया दी गई है।