अपनी पार्टी में “वंशवाद की राजनीति” को बढ़ावा देने के भाजपा के आरोप को खारिज करने के कथित प्रयास में, तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बुधवार को अपने छोटे भाई बाबुन बनर्जी से संबंध तोड़ लिए। बाबुन बनर्जी ने पार्टी द्वारा पश्चिम बंगाल की हावड़ा लोकसभा सीट से प्रसून बनर्जी को फिर से नामांकित करने पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
इस प्रक्रिया में, बनर्जी यह संदेश देने की कोशिश करती भी दिखीं कि वह चुनावों से पहले अपनी पार्टी में असंतोष की आवाजों से निपटने के लिए तैयार हैं, भले ही इसके लिए उन्हें अपने घर से सफाई अभियान शुरू करना पड़े। तृणमूल प्रमुख की अपने भाई के खिलाफ नाराजगी की अभिव्यक्ति बाबुन द्वारा सीट से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने और टीएमसी उम्मीदवार को टक्कर देने के इरादे व्यक्त करने के बाद आई है।
ममता बनर्जी की घोषणा के कुछ ही वक्त बाद बाबुन अपनी पूर्व की स्थिति से पलटते दिखे और कहा कि मैं दीदी की डांट को आशीर्वाद मानता हूं और घर पर दीदी से मिलकर जल्द से जल्द उनके साथ मामला सुलझा लूंगा। बाबुन अपने व्यक्तिगत मामलों के सिलसिले में इस समय दिल्ली में हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि वह निर्दलीय चुनाव लड़ने के अपने पहले के रुख से पीछे हट गए हैं।
ममता बनर्जी ने कहा कि मैं सीधे तौर पर यही कहूंगी, कुछ लोग जैसे-जैसे बड़े होते जाते हैं बेहद लालची हो जाते हैं। उन्हें परिवार को किनारे रखकर ही अपना खेल खेलना चाहिए। मैं उन्हें अपने परिवार का सदस्य नहीं मानती। आज से, मेरा निकटतम परिवार, मेरे कुटुंब और मैं उनके साथ सभी रिश्ते तोड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसी को भी उन्हें मेरा भाई नहीं कहना चाहिए। आप उन्हें स्वतंत्र व्यक्ति के तौर पर देख सकते हैं। लेकिन कृपया अब मेरा नाम उनके साथ न जोड़ें। मैं घोषणा करती हूं कि मैं और मेरा परिवार एक बार और हमेशा के लिए उससे खुद को अलग कर रहे हैं।