Friday 05-Dec-2025

दिल्ली कोचिंग हादसे के बाद ऐक्शन मोड में MCD, 25 अवैध बेसमेंट को किया सील; 17 मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी

दिल्ली कोचिंग हादसे के बाद ऐक्शन मोड में MCD, 25 अवैध बेसमेंट को किया सील; 17 मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी

नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।

दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर के कोचिंग सेंटर में हुए हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने राजधानी के विभिन्न हिस्सों में अवैध रूप से कोचिंग सेंटर, कार्यालय या अन्य वाणिज्यिक संस्थाओं के तौर पर संचालित हो रहे 25 बेसमेंट को 28 जुलाई से 31 जुलाई के बीच सील कर दिया। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। रिपोर्ट में बताया गया कि नगर निगम ने इस अवधि के दौरान 17 मकान मालिकों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है।

इससे पहले बुधवार को उच्च न्यायालय ने दिल्ली सरकार, नगर निगम और पुलिस पर सख्त टिप्पणियां कीं। अदालत ने कहा कि अजीब ही जांच चल रही है, जिसमें सड़क पर कार चलाने वाले के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है, लेकिन नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा। कोर्ट ने संकेत दिया कि मामले की जांच सीवीसी, सीबीआई या लोकपाल जैसी केंद्रीय एजेंसी से करवाई जा सकती है।

बता दें कि कोचिंग सेंटर हादसे में अबतक सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की तफ्तीश अब तीन बिंदुओं पर केंद्रित हो गई है। इसके बाद मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। खासतौर से एमसीडी अधिकारियों पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।