Saturday 13-Jun-2026

पीएम मोदी को जेल भेजने वाले बयान पर मीसा भारती की सफाई, जानिए क्या कहा?

पीएम मोदी को जेल भेजने वाले बयान पर मीसा भारती की सफाई, जानिए क्या कहा?

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) सुप्रीमो लालू प्रसाद की बड़ी बेटी मीसा भारती ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर हाल में की गयी अपनी विवादास्पद टिप्पणी के बारे में शुक्रवार को स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि मीडिया द्वारा उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया।

पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मीसा भारती ने कहा, सत्ता पक्ष में जो लोग हैं, भाजपा या प्रधानमंत्री, उनके पास क्या मुद्दा है? क्या वे महंगाई और बेरोजगारी पर बात कर रहे हैं? मेरे बयान को मीडिया द्वारा तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। मीडिया भाजपा का एजेंडा सेट कर रहा है। यह देश की जनता के सामने नहीं चलेगा । उन्होंने कहा, मैंने इलेक्टोरल बांड को लेकर उच्चतम न्यायालय के आदेश के परिप्रेक्ष्य में कहा था कि अगर हमारी सरकार केंद्र में सत्ता में आती है तो जो लोग भी दोषी होंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मीसा भारती ने कहा था कि अगर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) केंद्र की सत्ता से बाहर हुआ तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जेल में होंगे। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में मीसा को ऐसी टिप्पणी करते हुए सुना गया है। बता दें कि राज्यसभा सदस्य मीसा भारती पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से राजद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में हैं।

राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अपनी बड़ी बहन मीसा भारती की प्रधानमंत्री को लेकर की गई विवादित टिप्पणी पर किए गए सवालों से बचते नजर आए। मीसा भारती की टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर तेजस्वी यादव ने कहा था, किसी ने किसी और के बारे में क्या कहा है, उस पर बोलने की मुझे क्या जरूरत है। हमें मुद्दों पर बात करनी चाहिए।

मीसा के बयान की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा, पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद समेत अन्य नेताओं ने आलोचना की है। रविशंकर प्रसाद ने मीसा भारती को ऐसी गैरजिम्मेदाराना और शर्मनाक टिप्पणियां करने के खिलाफ आगाह करते हुए उन्हें भ्रष्टाचार के मामलों की याद दिलाई जिसमें वह और उनके परिवार के सदस्य आरोपी हैं।