Saturday 13-Jun-2026

पटना में बेखौफ बदमाश, सब्जीमंडी में की अंधाधुंध फायरिंग; 3 को मारी गोली

पटना में बेखौफ बदमाश, सब्जीमंडी में की अंधाधुंध फायरिंग; 3 को मारी गोली

बिहार की राजधानी पटना में बेखौफ बदमाशों ने मंगलवार की रात अंधाधुंध फायरिंग कर तीन लोगों को गोली मार दी। सनसनीखेज घटना शास्त्रीनगर थाना इलाके के पुनाईचक सब्जीमंडी में हुई। अपराधियों की गोलीबारी के दौरान पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। सब्जीमंडी में मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी गोली चलाते हुये फरार हो गये। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर डायल 112 की पुलिस पहुंची। गोली से घायल एक व्यक्ति जितेंद्र राय को पाटलिपुत्र स्थित निजी अस्पताल जबकि दूसरे अजय साह को आईजीआईएमएस में भर्ती करवाया गया। जितेंद्र को सीने जबकि अजय को बांह में गोली लगी है। दोनों पुनाईचक के पत्थर गली के रहने वाले हैं। तीसरा घायल व बांका जिले के निवासी गुंजन झा को सब्जी खरीदने के दौरान पैर में गोली लग गई। घायलों में अजय की हालत चिंताजनक है। वारदात के कारणों को लेकर अब तक सस्पेंस बरकरार है। पुलिस प्रेम-प्रसंग और सब्जी दुकान लगाने को लेकर चल रहे विवाद के पहलू पर जांच कर रही है।

घायल अजय की बेटी ने बताया कि वह किराये पर पत्थर गली में रहती है। उसी के मकान में रहने वाला एक दूसरा किरायेदार अक्सर उस पर शादी करने का दबाव डालता था। लेकिन उसने इंकार कर दिया। बीते सोमवार को भी उसने इसी बात को लेकर झगड़ा किया था। उसने धमकी भी दी थी। परिवारवालों ने उसी पर गोलीबारी करवाने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस सब्जी दुकान लगाने को लेकर हुये विवाद को लेकर भी छानबीन कर रही है।

खंगाले जा रहे सीसीटीवी कैमरे
गोलीबारी की वारदात के बाद पुलिस टीम पुनाईचक व आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। कैमरे के फुटेज की पड़ताल के बाद यह स्पष्ट हो जायेगा कि अपराधी किस ओर से आये थे। इसके साथ ही अपराधियों की बाइक का नंबर व उनकी पहचान भी फुटेज सामने आने के बाद हो जायेगी।

पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। सब्जी दुकान लगाने को लेकर हुये विवाद व घायलों के परिजनों के बयान के आधार पर छानबीन की जा रही है। कैमरों से फुटेज निकाले जा रहे हैं। जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ने की कोशिश जारी है। - राजीव मिश्रा, डीआईजी सह एसएसपी, पटना