Saturday 13-Jun-2026

बिहार में उपद्रवियों ने कई ट्रेनों को फूंका, ‘अग्निपथ योजना’ के खिलाफ प्रदर्शन जारी

बिहार में उपद्रवियों ने कई ट्रेनों को फूंका, ‘अग्निपथ योजना’ के खिलाफ प्रदर्शन जारी

पटना: ‘अग्निपथ योजना’ को लेकर युवाओं का प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी है। बिहार में कई जगह पर युवा सड़क पर उतरकर इस नई योजना का विरोध कर रहे हैं। समस्तीपुर में आज सुबह जम्मूतवी-गुवाहाटी एक्सप्रेस ट्रेन में उपद्रवियों ने आग लगा दी। ट्रेन की दो बोगियां जलकर खा हो गई। यह हाजीपुर-बरौनी रेलखंड के मोहिउद्दीननगर स्टेशन की घटना है। वहीं, दूसरी तरफ दरभंगा से नई दिल्ली जा रही बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में भी उपद्रवियों ने आग लगा दी। ट्रेन की चार बोगी जलकर खाक हो गई।

लखीसराय में ट्रेन फूंकी:

लखीसराय में छात्रों का विरोध उग्र हो गया है। विक्रमशिला एक्सप्रेस की तीन बोगियों में आग लगा दी गई है। पांच बोगियों के शीशे तोड़ दिए गए हैं। मीडिया कर्मियों को भी वीडियो बनाने से रोका जा रहा है। पैसेंजर्स के मोबाइल छीनकर उनके साथ बदसलूकी हुई है। रेलवे ट्रैक पर भी आगजनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शनकारी युवाओं ने पूरी ट्रेन को खाली कराकर यात्रियों का सामान भी छीन लिया है।

मुंगेर में कृष्ण सेतु जाम:

इधर, मुंगेर में भी छात्रों का आक्रोश देखने को मिल रहा है। अभ्यर्थी कृष्ण सेतु पुल पर जमा हो गए हैं और आवागमन रोक दिया है। बड़ी संख्या में युवा नारेबाजी कर रहे हैं। खगड़िया बेगूसराय, भागलपुर और पटना जाने वाली सड़क पर आवागमन भी पूरी तरह बाधित है। भोजपुर के बिहिया स्‍टेशन पर बड़ी संख्या में युवा रेलवे ट्रैक पर जमा होकर आगजनी कर रहे हैं। लखीसराय स्‍टेशन पर भी बवाल मचा हुआ है। नई दिल्‍ली-पटना-राजगीर श्रमजीवी एक्‍सप्रेस ट्रैक क्‍लीयर नहीं होने से स्टेशन पर ही खड़ी है। पटना की तरफ आने वाली कई ट्रेनें भी प्रभावित हैं।