Saturday 13-Jun-2026

किसान की हत्या में सीपीआई माले विधायक मनोज मंजिल को उम्रकैद

किसान की हत्या में सीपीआई माले विधायक मनोज मंजिल को उम्रकैद

भोजपुर के अजीमाबाद थाना क्षेत्र के बड़गांव गांव में किसान जयप्रकाश सिंह की हत्या में आरा की अदालत की ओर से मंगलवार को भाकपा माले विधायक मनोज मंजिल सहित 23 आरोपितों को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। कोर्ट की ओर से सभी आरोपितों के खिलाफ 25-25 हजार का आर्थिक दंड भी लगाया गया है। एमपी-एमएलए मामलों के विशेष न्यायाधीश सह तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्येन्द्र सिंह ने यह फैसला सुनाया। विधायक मनोज मंजिल और एक वकील सहित 23 आरोपितों को अपहरण, हत्या और अपराध के दौरान सबूतों को गायब करने का दोषी पाये जाने के बाद कोर्ट की ओर से यह सजा सुनाई गई है।

भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के कपूरडिहरा गांव निवासी मनोज मंजिल भोजपुर के अगिआंव (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं। उन्होंने 2020 में महागठबंधन समर्थित भाकपा माले के टिकट पर विधानसभा चुनाव में पहली बार जीत दर्ज की थी। नामांकन के समय भी गिरफ्तारी हुई थी। बाद में जमानत पर रिहा हुए थे। सजा सुनाये जाने के बाद विधायक सहित सभी आरोपितों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया।