Saturday 13-Jun-2026

मोदी जी की गारंटी चाइनीज माल की तरह है, तेजस्वी के निशाने पर पीएम

मोदी जी की गारंटी चाइनीज माल की तरह है, तेजस्वी के निशाने पर पीएम

पूर्णिया में महागठबंधन से राजद प्रत्याशी बीमा भारती के नामांकन के बाद स्थानीय रंगभूमि मैदान में आयोजित संकल्प सभा में पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि एकजुट रहिए, टूटिएगा तो भाजपा को लाभ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जो 17 साल में नहीं हो सका 17 महीने में हमने 5 लाख नौकरियां देकर एक रिकॉर्ड कायम किया। इस बीच प्रधानमंत्री मोदी जी भी आएंगे और कहेंगे- मोदी जी की गारंटी है। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि मोदी जी की गारंटी चाइनीज माल की तरह है। वे लोग तो यूरिया को चीनी और गोबर को गाजर का हलवा बता देते हैं। आंख फोड़कर चश्मा पहना देते हैं। पहले तो मोदी जी चाचा की गारंटी लें कि वे पलटेंगे तो नहीं।

उन्होंने कहा कि इसी मैदान में वर्ष 2014 में पीएम मोदी जी आए थे और कहा था बिहार को विशेष दर्जा देंगे। आज पूछिए क्या हुआ? काहे नहीं दर्जा दिलवाए? उन्होंने लोगों से कहा दिल पर हाथ रख कर बोलिए- क्या पूर्णिया में कोई कारखाना लगा? पलायन महंगाई और गरीबी के अलावा क्या मिला? मैदान में अमित शाह आए थे- बोले थे एयरपोर्ट चालू हो गया, क्या हुआ?

तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था भाजपा में नहीं जाएंगे। चाचा पलटे नहीं बल्कि उन्हें हाईजैक कर लिया गया। हम सम्मान करते हैं नीतीश जी का जो एनडीए के विरुद्ध सबको गोलबंद कर रहे थे। इलेक्शन के पहले चले गए। हमें खुशी है कि आज उसका भतीजा वही झंडा लेकर खड़ा है। उन्होंने कहा कि जनता पर भरोसा है। उन्होंने कहा मोदी जी के 15-15 लाख का क्या हुआ? लालू जी सांप्रदायिक शक्तियों के आगे नहीं झुके। हम भी लालू का बेटा हैं। हम भी नहीं झुकेंगे।