पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।
मुहर्रम पर माहौल बिगाड़ने वालों पर बिहार पुलिस की कड़ी नहर है। मुहर्रम पर राजधानी पटना में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किये गये हैं। पटना पुलिस ड्रोन कैमरे से पटना सिटी के सुल्तानगंज, आलमगंज, चौक और फुलवारीशरीफ के कई इलाकों में नजर रखेगी। ड्रोन कैमरे के जरिये किसी तरह की हरकत कैद हुई तो पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी। चार हजार पुलिस के जवानों को पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने में लगाया गया है।
डीआईजी सह एसएसपी राजीव मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को कई इलाकों में फ्लैगमार्च किया। मुहर्रम पर्व पर लोगों के बीच शांति व्यवस्था कायम करने के उद्देश्य से पुलिस ने मंगलवार को गर्दनीबाग, कदमकुआं, दानापुर, फुलवारीशरीफ सहित अन्य थाना इलाकों में फ्लैगमार्च किया। दमरिया व पहाड़पुर गांव में फ्लैगमार्च कर लोगों से पर्व को शांति पूर्वक मनाने की अपील की गई। सुल्तानगंज और फुलवारीशरीफ में सेंट्रल रैफ के जवानों की तैनाती की गई है। बड़े जुलूस के साथ भारी संख्या में पुलिस के जवान भी रहेंगे। क्यूआरटी (क्विक रिएक्शन टीम) के जवानों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रया गया है।
सोशल मीडिया पर नजर रख रही पुलिस मुहर्रम के मौके पर पुलिस टीम तीन शिफ्ट में सोशल मीडिया पर नजर रख रही है। 24 घंटे प्रत्येक सोशल साइट खंगाले जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर किसी ने आपत्तिजनक कंटेट अपलोड किये तो तुरंत उस पर कार्रवाई होगी। फेसबुक, एक्स, यू ट्यूब और इंस्टाग्राम जैसे सोशल साइट्स पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा पटना पुलिस अलग-अलग जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों पर भी नजर रख रही है।