Monday 15-Jun-2026

मुसलमानों को आरक्षण मिलना चाहिए, पर धर्म के आधार पर नहीं: लालू यादव

मुसलमानों को आरक्षण मिलना चाहिए, पर धर्म के आधार पर नहीं: लालू यादव

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने मुसलमानों को आरक्षण का लाभ दिए जाने की वकालत करते हुए मंगलवार को कहा कि यह सामाजिक पिछड़ेपन पर आधारित होना चाहिए न कि धर्म के आधार पर। इससे पहले दिन में पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान लालू द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय के लिए आरक्षण लाभ को लेकर की गई टिप्पणी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अन्य नेताओं ने उनकी आलोचना की। कई मुस्लिम जातियां बिहार और कई अन्य राज्यों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की सूची में शामिल हैं। हालांकि, कर्नाटक की कांग्रेस सरकार द्वारा मुस्लिम समुदाय को ओबीसी कोटे के तहत आरक्षण देने को लेकर पिछले साल विधानसभा चुनाव में हारी भाजपा आलोचना कर रही है।

मोदी और अन्य भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस और राजद जैसे उसके सहयोगी ओबीसी, दलितों और आदिवासियों को मिल रहे आरक्षण में कटौती कर इसका लाभ मुसलमानों को देना चाहते हैं। इस बारे में पूछे जाने पर राजद प्रमुख ने कहा, आरक्षण तो मिलना चाहिए ना मुसलमानों को। लालू की टिप्पणी को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को निशाना साधा। उन्होंने मध्य प्रदेश की एक रैली में कहा, एक व्यक्ति जो पशुओं का चारा खा गए और अदालत ने जिनको सजा दी है (चारा घोटाला मामला)... उनकी बेशर्मी देखो जो खराब स्वास्थ्य के कारण जमानत पर है। ये कांग्रेस वाले इतने गिर गए हैं कि उन्हें माथे पर बिठाकर घुमा रहे हैं।

पीएम मोदी ने दावा करते हुए कहा कि उन्होंने (लालू प्रसाद) कुछ घंटे पहले ही कहा है कि मुसलमानों को आरक्षण मिलना चाहिए और सिर्फ आरक्षण ही नहीं मिलना चाहिए, वह कहते हैं कि पूरा का पूरा आरक्षण मुसलमानों को मिलना चाहिए यानि इसका मतलब यह हुआ कि एससी, एसटी और ओबीसी को जितना आरक्षण मिला हुआ है वह छीनकर ये लोग पूरा का पूरा आरक्षण मुसलमानों को देना चाहते हैं।