नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।
केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने बांग्लादेश की स्थिति को देखते हुए भारत-बांग्लादेश सीमा पर नजर रखने के लिए सीमा सुरक्षा बल की पूर्वी कमान के अतिरिक्त महानिदेशक की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया है। गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को इस समिति के गठन की जानकारी दी और कहा कि इसके अन्य सदस्यों में बीएसएफ फ्रंटियर मुख्यालय दक्षिण बंगाल के महानिरीक्षक, बीएसएफ फ्रंटियर मुख्यालय त्रिपुरा के महानिरीक्षक , भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण के सदस्य (योजना और विकास) सचिव शामिल हैं। यह समिति बांग्लादेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों और अल्पसंख्यक समुदायों के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बंगलादेश के समकक्ष अधिकारियों के साथ संपर्क बनाए रखेगी।
इससे पहले केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि बांग्लादेश में जारी हालात के मद्देनजर मोदी सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा (आईबीबी) पर मौजूदा स्थिति पर नजर रखने के लिए एक समिति का गठन किया है। समिति बंगलादेश में अपने समकक्ष अधिकारियों के साथ संपर्क बनाए रखेगी ताकि वहां रहने वाले भारतीय नागरिकों, हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। समिति की अध्यक्षता एडीजी, सीमा सुरक्षा बल, पूर्वी कमान करेंगे।
In the wake of the ongoing situation in Bangladesh, the Modi government has constituted a committee to monitor the current situation on the Indo-Bangladesh Border (IBB). The committee will maintain communication channels with their counterpart authorities in Bangladesh to ensure…
— Amit Shah (@AmitShah) August 9, 2024
गौरतलब है कि बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफा देकर देश छोड़ने के बाद हालात बिगड़ गये थे। उपद्रवियों ने शेख हसीना की आवामी लीग पार्टी से जुड़े लोगों तथा हिन्दू अल्पसंख्यकों और उनके धार्मिक स्थलों में तोड़फोड़ तथा आगजनी की। अभी बंगलादेश में अंतरिम सरकार का गठन हो गया है।