Saturday 13-Jun-2026

नरेंद्र नारायण यादव बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गए, सीएम नीतीश ने दी बधाई

नरेंद्र नारायण यादव बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गए, सीएम नीतीश ने दी बधाई

जनता दल यूनाइडेट (जद यू) के वरिष्ठ नेता नरेंद्र नारायण यादव शुक्रवार को बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष निर्विरोध चुने गये। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यादव को सदन का उपाध्यक्ष चुने जाने पर उन्हें बधाई दी।

इस पद पर अपनी नियुक्ति के बाद विधानसभा के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे यह अवसर प्रदान करने के लिए मैं मुख्यमंत्री और अन्य राजग नेताओं का आभारी हूं। मैं समझता हूं कि जिस पद के लिए मुझे चुना गया है उसका महत्व है। मैं सदन के सभी विधायकों को आश्वस्त करता हूं कि मैं अपना संवैधानिक कर्तव्य निभाते हुए निष्पक्ष रहूंगा।

नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष ने कहा कि मैं सभी विपक्षी सदस्यों से अनुरोध करता हूं कि उन्हें महत्वपूर्ण प्रश्नकाल के दौरान सदन में व्यवधान पैदा नहीं करना चाहिए। उन्हें (विपक्षी सदस्य) विधानसभा सत्र के दौरान सदन के संचालन से संबंधित नियमों का पालन करना चाहिए।

पार्टी नेता महेश्वर हजारी ने उपाध्यक्ष पद से बुधवार को इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद इस पद पर चुनाव कराया गया। पूर्व मंत्री यादव (73) 1990 के दशक से मधेपुरा जिले की आलमनगर सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। जदयू से जुड़े सूत्रों के अनुसार हजारी को कैबिनेट में शामिल किए जाने या आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी से टिकट दिए जाने की संभावना है। वह 2021 से विधानसभा के उपाध्यक्ष पद पर थे।