Wednesday 24-Jun-2026

राहुल गांधी का पीएम पर बड़ा आरोप, कहा- मोदी ने संविधान को बदलने और खत्म करने का मन बना लिया है

राहुल गांधी का पीएम पर बड़ा आरोप, कहा- मोदी ने संविधान को बदलने और खत्म करने का मन बना लिया है

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संविधान को बदलने और खत्म करने का मन बना लिया है और उनका यह कदम आदिवासियों और अन्य वर्गों को उनके अधिकारों से वंचित कर देगा। मध्य प्रदेश के खरगोन लोकसभा क्षेत्र के सेगांव में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र में विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा और मनरेगा योजना के तहत दैनिक भत्ता 250 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा, ये चुनाव संविधान और गरीबों को दिए गए आरक्षण को बचाने और भूमि, जंगल और रोजगार पर अधिकारों की रक्षा के लिए लड़े जा रहे हैं। लेकिन मोदी ने इसे (संविधान) बदलने और खत्म करने का मन बना लिया है। खरगोन (आरक्षित) में 13 मई को मतदान होगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि सत्ता में आने के बाद 'इंडिया' गठबंधन यह सुनिश्चित करने के लिए एक कानून बनाएगा कि किसानों को उनकी उपज के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मिले।

उन्होंने कहा, केंद्र में सत्ता में आते ही हमारी सरकार किसानों का कर्ज माफ करेगी और मनरेगा भत्ता 250 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये प्रतिदिन करेगी। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि यदि संविधान को खत्म कर दिया गया तो लोगों के अधिकारों का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन, जल, जंगल और आरक्षण पर आपका अधिकार खत्म हो जाएगा, सार्वजनिक क्षेत्र खत्म हो जाएगा और 20 से 25 अमीर लोगों का शासन शुरू हो जाएगा। (गौतम) अडानी जैसे अरबपति आपकी जमीन, पानी और जंगल चाहते हैं, जिसे छीनकर उन्हें सौंप दिया जाएगा।