नीट पेपर लीक मामले की छानबीन करने झारखंड के हजारीबाग पहुंची सीबीआई टीम ने बुधवार को ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल एहसानुल हक समेत दस को हिरासत में लिया। टीम सभी से चरही गेस्ट हाउस में पूछताछ की। जानकारी के अनुसार प्रिंसिपल समेत जिन अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है उनमें पांच इन्विजिलेटर, दो ऑब्जर्वर, एक सेंटर सुपरिंटेंडेंट और एक टोटो चालक शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार सीबीआई टीम ने नीट से जुड़े कुछ दस्तावेज जब्त किए हैं, जिन्हें कार से उस गेस्ट हाउस में लाया गया, जहां सभी से पूछताछ हो रही है। टीम को कुछ बड़ा इनपुट मिलने की भी चर्चा है। हालांकि, सीबीआई ने फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
सीबीआई टीम बुधवार को सबसे पहले ओएसिस स्कूल पहुंची। यहां प्राचार्य और स्कूल प्रबंधन के लोगों और शिक्षकों से जानकारी हासिल की। इससे पहले मंगलवार को सीबीआई की 12 सदस्यीय टीम हजारीबाग पहुंची थी। यहां रात में एसबीआई के अधिकारियों से पूछताछ की गई थी। टीम ने एसबीआई के उस ब्रांच के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला था, जहां प्रश्नपत्र रखे गए थे। मंगलवार को ही प्राचार्य एहसानुल हक से संपर्क साध कर टीम ने उन्हें चरही बुलाया था।
बता दें कि सबसे पहले बिहार ईओयू की जांच में यह बात सामने आई थी कि हजारीबाग में प्रश्नपत्र कूरियर कंपनी के एक रिमोट एरिया स्थित सेंटर पर पहुंचे थे और इसके बाद प्रश्न पत्रों के ट्रंक बैंक तक ई-रिक्शा से पहुंचाए गए थे। बैंक में भी प्रश्नपत्रों को रिसीव करने से लेकर उनके रखरखाव में लापरवाही की बात कही जा रही है।