बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राजग सरकार ने सोमवार को विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया। सरकार के पक्ष में 129 वोट पड़े, वहीं विपक्षी सदस्यों ने सदन से वॉकआउट किया। बिहार विधानसभा में कुल 243 सदस्य हैं।
इससे पहले बिहार में सत्ता खो चुके राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को सोमवार को उस समय झटका लगा जब उसके तीन सदस्य बिहार विधानसभा में सत्ता पक्ष के विधायकों के पास जाकर बैठ गए। राजद नेता तेजस्वी यादव ने विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान से पहले पार्टी विधायकों चेतन आनंद, नीलम देवी और प्रह्लाद यादव के सत्तारूढ़ राजग के सदस्यों के बीच बैठने पर आपत्ति जताते हुए व्यवस्था का प्रश्न उठाया। हालांकि, आसन पर मौजूद उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी ने व्यवस्था के प्रश्न पर कोई फैसला नहीं दिया।