Saturday 13-Jun-2026

लालू-राबड़ी के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगे थे नीतीश, तेजस्वी का दावा

लालू-राबड़ी के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगे थे नीतीश, तेजस्वी का दावा

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को दावा किया कि बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने गठबंधन करने से पहले उनके माता-पिता (लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी) से पिछले विश्वासघातों के लिए माफी मांगी थी। तेजस्वी ने बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत आयोजित एक एक रैली को संबोधित करते हुए यह दावा किया।

नीतीश कुमार के अचानक भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापस चले जाने पर पिछले महीने तेजस्वी ने उपमुख्यमंत्री की कुर्सी खो दी थी। तेजस्वी ने स्थानीय बोली भोजपुरी में कहा कि हाथ जोड़कर माफी मांगने के बाद नीतीश जी ने मेरे माता-पिता से कहा था कि हमर पार्टी तोड़ता, हमर विधायक लोगन के लुभावत है (भाजपा उनकी पार्टी को तोड़ने और उनके विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही है)।

तेजस्वी नेता ने कहा कि शुरुआत में हम उन पर दोबारा भरोसा करने के इच्छुक नहीं थे। लेकिन देशभर के नेताओं से बातचीत हुई, सभी की राय थी कि भाजपा के खिलाफ लड़ाई के व्यापक हित में हमें सहमत होना चाहिए, इसलिए हमने एक कुर्बानी दी। नीतीश कुमार को थका हुआ मुख्यमंत्री बताते हुए तेजस्वी ने कहा कि मुझे गर्व है कि केवल 17 महीनों में हमने बड़े पैमाने पर बेरोजगारों को सरकारी नौकरियां दीं। तेजस्वी ने दावा किया कि हम विधानसभा चुनाव जीत गए होते, लेकिन प्रशासन के हेरफेर के कारण महागठबंधन के उम्मीदवारों को हारा हुआ दिखाया गया।

पूर्व डिप्टी सीएम ने दावा किया है कि वह हमेशा के लिए अपने पुराने सहयोगियों के पास लौट आए हैं, जबकि भाजपा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह बिहार में अपनी सरकार बनाने की अपनी महत्वाकांक्षा नहीं छोड़ेगी। ऐसे में तेजस्वी यादव ने चुटकी लेते हुए कहा कि अब जब नीतीश जी भाजपा के साथ वापस आ गए हैं, इस बात की क्या गारंटी है कि वह दोबारा पलटी नहीं मारेंगे।

तेजस्वी ने कहा कि मैंने बिहार विधानसभा में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी गारंटी पर गर्व करते हैं। हालांकि कोई भी उन पर भरोसा नहीं करता है, लेकिन वह भी यह गारंटी नहीं दे सकते कि नीतीश कुमार एक बार फिर पलटी नहीं मारेंगे। उन्होंने कहा कि हमने मुख्यमंत्री से पूछा कि कम से कम यह बताएं कि वह हमसे मुंह क्यों चुरा रहे हैं। लेकिन वह कोई कारण नहीं बता सके। क्या वह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से डरते हैं।