Wednesday 24-Jun-2026

7वें चरण में नीतीश कुमार ने 15, सम्राट चौधरी ने 14 तो तेजस्वी यादव ने कीं 38 सभाएं

7वें चरण में नीतीश कुमार ने 15, सम्राट चौधरी ने 14 तो तेजस्वी यादव ने कीं 38 सभाएं

बिहार में सातवें चरण की आठ सीटों पर फतह के लिए एनडीए और महागठबंधन नेताओं ने खूब जोर-आजमाइश की। पुराना प्रदर्शन दोहराने के लिए एनडीए ने पूरी ताकत झोंक दी। वहीं, सीट पर कब्जा के लिए महागठबंधन ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी। दोनों गठबंधनों ने एक-दूसरे पर खूब व्यंग्य बाण चलाए। जनता को लुभाने के लिए लोकलुभावन वादे किए गए। रोड शो किए। घर-घर दस्तक देकर जनता जर्नादन के सामने हाथ भी जोड़े। पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने सबसे ज्यादा सभाएं सातवें चरण के लिए ही की। वहीं, महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव की 38 सभाएं हुईं।

एनडीए की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, मध्यप्रदेश सीएम मोहन यादव, असम सीएम हिमंत बिस्वा शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी, सम्राट चौधरी, मंगल पांडेय, लोजपारा प्रमुख चिराग पासवान आदि ने कमान संभाली। वहीं, महागठबंधन की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, राजद प्रमुख लालू यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, माले महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने मोर्चा लिया।

सीएम ने कुल 65 सभा, 8 रोड शो किए
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सातवें चरण के लिए 15 सभाएं और तीन रोड शो किये। इस चरण में एकमात्र विधानसभा चुनाव अगियांव में भी चुनावी सभाएं की। 2024 चुनाव के लिए उनकी कुल 65 सभाएं और 8 रोड शो हुए। सातवें चरण के लिए नालंदा में दो और पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ एक रोड शो किया। पटना साहिब में उन्होंने तीन जबकि पाटलिपुत्र में दो सभाओं को संबोधित किया। इसके अलावा उन्होंने नालंदा, जहानाबाद और आरा में में दो-दो सभाएं कीं। सासाराम, काराकाट, बक्सर में एक-एक सभा हुई। जदयू के अन्य नेताओं ने विजय चौधरी, लवली आनंद, श्रवण कुमार की सभा काराकाट में हुई।