पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन बुधवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी विधायकों ने जोरदार हंगामा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री कुमार काफी नाराज दिखे। मसौढ़ी की राजद विधायक रेखा देवी को सख्त नसीहत देते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि अरे महिला हो कुछ जानती हो? कहां से आते हैं, इन लोगों ने कुछ किया है? 2005 के बाद में महिला को हमने आगे बढ़ाया है। दरअसल, रिजर्वेशन को संविधान की 9वीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर विपक्ष के सदस्य वेल में पहुंच गए। उन्होंने जमकर नारेबाजी की। इसी पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भड़क उठे।
वहीं वेल में लगातार आक्रामक तरीके से अपना विरोध जता रहे सदस्यों के खिलाफ स्पीकर भी गुस्से में दिखे। स्पीकर नन्द किशोर यादव ने कांग्रेस विधायक मुन्ना तिवारी को सदन से बाहर करने को कहा। इस दौरान मार्शल और विधायक में धक्का मुक्की भी हुई। साथ ही पोस्टर छीना गया। वहीं विपक्ष के विरोध पर संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार ने बिहार में बढ़ाए गए आरक्षण को नौवीं अनुसूची में शामिल करने को लेकर पहले ही प्रस्ताव भेज दिया गया है।
VIDEO | CM Nitish Kumar (@NitishKumar) speaks in #Bihar Assembly amid protest by the opposition.
— Press Trust of India (@PTI_News) July 24, 2024
(Source: Third Party) pic.twitter.com/FLW0fUkbAD
सदन में विपक्षी विधायको के हाय-हाय करने पर नीतीश कुमार खड़े हो गए। उन्होंने कहा, आप सब हाय हाय हैं, हाय हाय... हाय हाय। अगर हमारी बात नहीं सुनना है तो यह आपकी गलती है। सदन में इसी तरह काफी देर पर हंगामा होता रहा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि रिजर्वेशन को संविधान की 9वीं अनुसूची में शामिल करने की मांग का मामला सुप्रीम कोर्ट में है। इसमें हम कुछ नहीं कर सकते।