बिहार में एक बार फिर सत्ता परिवर्तन हो चुका है। नीतीश कुमार महागठबंधन से अलग होकर एनडीए में आ गए हैं। राज्य में अब एनडीए की सरकार है। इस बीच कांग्रेस ने नीतीश कुमार पर हमला बोला है। कांग्रेस नेता राणा सुजीत सिंह ने पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान कहा कि हम चुनाव जीतकर सदन में आये थे। किसी को झूठा सपना नहीं दिखाया था। नीतीश कुमार ने बिहार की जनता के साथ धोखा किया है और जनता जल्द ही हिसाब लेगी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि हमलोग पूरी तरह से तैयार हैं। अभी तो नीतीश कुमार ने सिर्फ कागज पर हस्ताक्षर कराकर सरकार बनाया है। फ्लोर टेस्ट होने दीजिए, इसके बाद जल्द ही भगदड़ मचने वाली है। नीतीश कुमार और भाजपा अपने विधायकों को बांध कर रख लें, क्योंकि बिहार की जनता के साथ कि गई नाइंसाफी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की नीति फूट डालो और राज करो की है। यही भाजपा कल तो नीतीश कुमार को गालियां दे रहे थे, ये कह रहे थे कि नीतीश कुमार के लिए सारे दरवाजे बंद हो गए हैं और आज वही भाजपाई अपनी खिसकती जमीन देखकर उनसे मिलकर सरकार में हैं, सिर्फ इसलिए कि इनको 2024 का चुनाव जीतना है। बिहार की जनता इस बार इन दोनों पार्टियों को सबक सिखाएगी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जनादेश को छलने का जो काम भाजपा और नीतीश कुमार ने किया है, उससे बिहार की जनता भी इनपर भरोसा नहीं करने वाली है। हम जो भी जनता से वादे करते हैं उन सभी वादों को पूरा करते हैं। वहीं आप भाजपा को देख लीजिए, इनका 15 लाख का जुमला तो अभी तक जुमला ही रह गया है।
इंडीया गठबन्धन के बिखराव से सम्बंधित एक सवाल के जवाब में कांग्रेस प्रवक्ता राणा सुजीत सिंह ने कहा कि इंडी गठबन्धन पूरे देश मे मजबूती के साथ खड़ा है और यहां से सिर्फ नीतीश कुमार ही अलग हुए हैं , और इनका चाल चरित्र तो गिरगिट को भी मात देने वाला है । गिरगिट भी मौका देखकर रंग बदलता है लेकिन नीतीश कुमार जी बस फायदा देखकर रंग बदलते हैं लेकिन इसबार जनता इनके इस बदलाव को भी बदल देगी।