बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा दिल्ली में ही रहकर सबलोगों से बात करेंगे। हमने इन्हें राज्यसभा भेजा है। अब दिल्ली में ही रहकर पार्टी का पूरा काम करेंगे, यह अच्छा रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि हमने ही तय किया कि ललन सिंह केंद्र में मंत्री बनेंगे। सीएम नीतीश दिल्ली में बिहार निवास का निरीक्षण करने के दौरान मीडिया से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि शनिवार राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक थी। बैठक के अंत में हमने इसकी घोषणा की कि संजय झा पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष रहेंगे। सबने इसपर सहमति दी। उन्होंने यह भी कहा कि बैठक के पहले हमने इस संबंध में किसी को कुछ नहीं बताया था।
सीएम नीतीश ने यह भी कहा कि पहले भी हम संजय झा को कई राज्यों का इंचार्य बनाये हुए थे। ये काम देखते रहे हैं। मीडिया के एक सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने ही तय किया कि ललन सिंह केंद्र में मंत्री बनेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार निवास में कमरे कम हैं। इस भवन को और विकसित किया जाएगा।