Saturday 13-Jun-2026

फ्लोर टेस्ट से पहले नीतीश कुमार की जेडीयू का दावा, सदन में साबित कर लेंगे बहुमत

फ्लोर टेस्ट से पहले नीतीश कुमार की जेडीयू का दावा, सदन में साबित कर लेंगे बहुमत

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली जेडीयू ने रविवार को विश्वास जताया कि बीजेपी के साथ मिलकर नयी सरकार बनाने वाले कुमार सोमवार को विश्वास मत हासिल कर लेंगे। राज्य के संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने जद (यू) विधायक दल की बैठक में दो या तीन विधायकों की अनुपस्थिति को अधिक तवज्जों नहीं दी और इसके लिए अपरिहार्य परिस्थितियों को जिम्मेदार ठहराया, जिनके बारे में उन्होंने (विधायकों) पूर्व सूचना दी थी। विजय चौधरी ने इस बात पर जोर दिया कि बहुमत परीक्षण के दौरान पार्टी के सभी विधायक विधानसभा में मौजूद रहेंगे।

उन्होंने कहा कि एनडीए में हमारे पास कुल 128 विधायक हैं। 243 सदस्यीय विधानसभा में हम बहुमत की स्थिति में हैं। हमारे सभी विधायक सदन के अंदर मौजूद रहेंगे, जहां विश्वास मत से पहले विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आएगा। जेडीयू के वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल नहीं होने वाले विधायकों की सही संख्या के बारे में सीधा जवाब देने से बचते रहे। उन्होंने कहा कि दो या तीन (विधायकों) को छोड़कर सभी उपस्थित थे। जो लोग नहीं आए, उन्होंने पार्टी नेतृत्व को उन अपरिहार्य परिस्थितियों के बारे में सूचित किया, जिसके कारण वे नहीं आ सके। हालांकि वे कल सदन के अंदर मौजूद रहेंगे।

जेडीयू के सूत्रों ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि जिन तीन विधायकों को बैठक में नहीं देखा गया, उनमें सुदर्शन कुमार सिंह, बीमा भारती और दिलीप रॉय शामिल हैं। जेडीयू के कुल मिलाकर 45 विधायक हैं।

विजय चौधरी ने कहा कि कल की कार्यवाही के लिए तैयार किए गए कार्यक्रम के अनुसार, सदन सबसे पहले विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर विचार करेगा। नियमों के तहत आवश्यक होने पर 38 विधायक प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए अपनी सीटों पर खड़े होंगे जिसके बाद अध्यक्ष को, नया अध्यक्ष चुने जाने तक कार्यवाही का संचालन उपाध्यक्ष को सौंपना होगा। विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी जदयू से हैं, जबकि अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी राजद से हैं।