बिहार की सियासत में बड़ी तेजी से घटनाक्रम बदल रहे हैं। सूत्रों के अनुसार अगले एक दो-दिन के अंदर बड़ा खेला होने जा रहा है। मतलब साफ है कि एक बार फिर से नीतीश कुमार की जेडीयू और बीजेपी यानी एनडीए की सरकार राज्य में बनने जा रही है। हांलाकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन इतना तो तय है कि महागठबंधन से जेडीयू अलग हो जाएगी। सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार बिहार में एनडीए की सरकार बनने वाली है और नीतीश कुमार ही इस सरकार के मुखिया होंगे।
वहीं बीजेपी सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात देश की राजधानी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर भाजपा की अहम बैठक हुई थी। सूत्रों ने यह भी बताया है कि पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में हुई बैठक में मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार के नाम पर सहमति की जानकारी दी गई।
बीजेपी आलाकमान ने बिहार भाजपा के नेताओं से साफ कह दिया कि राज्य में होने वाले बदलवा के लिए तैयार रहें। कुल मिलाकर यह तय माना जा रहा है कि बीजेपी एक बार फिर 2020 की तरह ही जेडीयू के साथ सरकार बनाने जा रही है। हालांकि बिहार का अगला डिप्टी सीएम कौन होगा, बैठक में इस बारे में कोई फैसला नहीं लिया गया। लेकिन इतना तो तय है कि डिप्टी सीएम कौन होंगे, ये बीजेपी आलाकमान को ही तय करना है।