मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हर तरह की बातचीत अच्छी रही। मुख्यमंत्री दिल्ली से लौटने के बाद गुरुवार को पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास के लिए हर स्तर पर काम हो रहा है। किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। बिहार के विकास के लिए काम करते रहेंगे।
बिहार को केन्द्र से पैकेज देने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा- चिंता मत कीजिए। 2005 से तो काम कर रहे हैं। सारी बात हो चुकी है। अपने सहयोगियों से भी बात हुई है। किसी प्रकार की चिंता की बात नहीं है। बिहार के लिए तो रात दिन काम करते रहे हैं। आगे भी करेंगे।
बिहार में फिर से एनडीए सरकार बनाने के बाद पहली बार दो दिवसीय दिल्ली यात्रा पर गये मुख्यमंत्री ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। गुरुवार को नीतीश कुमार ने पूर्व उप प्रधानमंत्री व भाजपा के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात की।