Wednesday 24-Jun-2026

दिल्ली की सात लोस सीट के लिए नामांकन शुरू, पहले दिन 13 उम्मीदवारों ने दाखिल किया पर्चा

दिल्ली की सात लोस सीट के लिए नामांकन शुरू, पहले दिन 13 उम्मीदवारों ने दाखिल किया पर्चा

दिल्ली की सात लोकसभा सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को शुरू हो गई। पहले दिन 13 उम्मीदवारों ने संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों के समक्ष अपने पर्चे दाखिल किए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के योगेन्द्र चंदोलिया ने एक विशाल जुलूस के बाद उत्तर पश्चिम दिल्ली लोकसभा क्षेत्र (आरक्षित) से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस जुलूस में पार्टी के वरिष्ठ नेता भी शामिल थे।

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार, चांदनी चौक से चार, उत्तर पश्चिम दिल्ली से तीन और उत्तर पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली सीट से दो-दो पर्चे दाखिल किए। कुल 13 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नयी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली सीट से कोई नामांकन दाखिल नहीं किया गया। सात निर्वाचन क्षेत्रों में रिटर्निंग अधिकारी एवं जिलाधिकारी के कार्यालयों में उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे।

नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख छह मई है। नामांकन पत्रों की जांच सात मई को होगी जबकि नौ मई नाम वापस लेने की आखिरी तारीख है। दिल्ली में 1.51 करोड़ पात्र मतदाता हैं, जिनमें 81.63 लाख पुरुष, 69.37 लाख महिलाएं और 1,215 तृतीय लिंग के लोग शामिल हैं।

भाजपा की बांसुरी स्वराज नयी दिल्ली से और आम आदमी पार्टी ('आप) के सहीराम पहलवान दक्षिणी दिल्ली से मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट से भाजपा उम्मीदवार चंदोलिया के चुनावी हलफनामे के अनुसार, उन्होंने 2022 में मेरठ के सुभारती विश्वविद्यालय से बीए (राजनीति विज्ञान और इतिहास) की डिग्री ली है।

चंदोलिया (61) ने 2022-23 के लिए दाखिल अपने आयकर रिटर्न में 3.83 लाख रुपये की आय दिखाई। हलफनामे से पता चला कि उनकी चल संपत्ति 29.31 लाख रुपये और उनकी पत्नी की 31.92 लाख रुपये है। चंदोलिया के पास रैगर पुरा में संयुक्त परिवार की एक तिहाई संपत्ति है, जिसका वर्तमान बाजार मूल्य 2.15 करोड़ रुपये है। उनके और उनकी पत्नी के पास अलग-अलग वाहन भी हैं। उनके पास 11 लाख रुपये के आभूषण हैं जबकि उनकी पत्नी के पास 18 लाख रुपये के जेवर हैं। हलफनामे में कहा गया है कि भाजपा उम्मीदवार के पास 1.11 लाख रुपये नकद और 9.38 लाख रुपये का कर्ज है।