Saturday 13-Jun-2026

आरजेडी के साथ MY ही नहीं बल्कि BAAP भी है: तेजस्वी यादव

आरजेडी के साथ MY ही नहीं बल्कि BAAP भी है: तेजस्वी यादव

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को दावा किया कि हमारे साथ माई (MY, मुस्लिम-यादव) ही नहीं बल्कि बाप (BAAP, बी-बहुजन, ए- अगड़े, ए-आधी आबादी और पी से पुअर (गरीब) भी हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से अपनी जन विश्वास यात्रा की शुरूआत करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि लोग बोलते है कि हम राजद, एमवाई (मुस्लिम-यादव) की पार्टी है। सुनों, हमारे साथ एमवाई ही नहीं बल्कि बाप, बीएएपी भी है। बी-बहुजन, ए- अगड़े, ए-आधी आबादी और पी से पुअर (गरीब) और ये सब ए टू जेड में आते है। यहां इस जनसैलाब में देखिए। सभी ए टू जेड जाति, वर्ग और मज़हब के लोग हैं।

मुजफ्फरपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा भाजपा पर तीखा हमला बोला। तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को पुराने ख्यालात वाला बताते हुए कहा कि बस इधर-उधर करना ही उनका काम है। उन्होंने कहा कि हमने जो रोजगार और नौकरी की लकीर खींची है। अब देश में कोई भी नेता हो, कोई भी सरकार हो अब वो नौकरी की ही बात करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में कुमार की पार्टी जदयू तीसरे नंबर की पार्टी है, लेकिन वे नौ बार शपथ ले चुके हैं और एक कार्यकाल में तीन बार।

इससे पहले अपनी यात्रा के लिए रवाना होने से पहले पटना में तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के पास राज्य के लोगों के लिए कोई दृष्टिकोण नहीं है और न ही उनके पास गठबंधन बदलने का कोई कारण था तेजस्वी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी जनता के मत को अपने पैर की जूती समझते हैं, जनता उन्हें जवाब देगी।