Saturday 13-Jun-2026

अब बनारस-पटना जनशताब्दी डुमरांव और मगध एक्सप्रेस रघुनाथपुर में भी रुकेगी

अब बनारस-पटना जनशताब्दी डुमरांव और मगध एक्सप्रेस रघुनाथपुर में भी  रुकेगी

बिहार में रेलयात्रियों की सुविधा को देखते हुए पूर्व-मध्य रेलवे (ईसीआर) के बनारस-पटना-बनारस जनशताब्दी एक्सप्रेस अब डुमरांव और इसलामपुर-नई दिल्ली दिल्ली-इसलामपुर मगध एक्सप्रेस रघुनाथपुर स्टेशन पर भी रुकेगी।

ईसीआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने शुक्रवार को बताया कि दानापुर मंडल के डुमरांव स्टेशन पर गाड़ी संख्या 15125/26 बनारस-पटना-बनारस जनशताब्दी एक्सप्रेस का तथा रघुनाथपुर स्टेशन पर 20801/20802 इसलामपुर-नई दिल्ली-इसलामपुर मगध एक्सप्रेस का 21 जनवरी से प्रायौगिक तौर पर दो मिनट का ठहराव प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 21 जनवरी से डुमरांव स्टेशन पर गाड़ी संख्या 15125 बनारस-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस 09.06 बजे पहुंचकर 09.08 बजे प्रस्थान करेगी। उन्होंने बताया इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 15126 पटना-बनारस जनशताब्दी एक्सप्रेस 18.29 बजे पहुंचकर 18.31 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि 21 जनवरी से रघुनाथपुर स्टेशन पर गाड़ी संख्या 20801 इसलामपुर-नई दिल्ली मगध एक्सप्रेस 18.55 बजे पहुंचकर 18.57 बजे खुलेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 20802 नई दिल्ली-इसलामपुर मगध एक्सप्रेस 11.02 बजे पहुंचकर 11.04 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी।