Saturday 13-Jun-2026

हमारा ट्रैक रिकॉर्ड भ्रष्टाचारियों को खोज करके सजा देने का है, राजद और कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी

हमारा ट्रैक रिकॉर्ड भ्रष्टाचारियों को खोज करके सजा देने का है, राजद और कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्ष के केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के आरोपों के बीच भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के अपने प्रण को सोमवार को एकबार फिर दोहराया। बिहार के हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रत्याशी चिराग पासवान के पक्ष में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि हमारा ट्रैक रिकॉर्ड भ्रष्टाचारियों को खोज करके सजा देने का है। मैं देश को, आप लोगों को एक आंकड़ा देता हूं। आप लोग ध्यान से सुनें क्योंकि यह आंकड़ा आपके काम आएगा। ये जो टीवी पर आप नोटों के पहाड़ देखते हैं। ये राजनेताओं के यहां से पकड़े जाते हैं। मुझे ये सोने नहीं देते थे।

उन्होंने कहा, जब केंद्र में राजद और कांग्रेस वाले सरकार चलाते थे। कांग्रेस के 10 साल में सिर्फ 35 लाख रुपये जब्त किये गये थे। जब से हमने सत्ता संभाली है, ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने 2,200 करोड़ रुपये की वसूली की है जिसे ले जाने के लिए 70 छोटे ट्रकों की आवश्यकता होगी। मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, इन लोगों ने आपको लूटकर नौकरी के बदले जमीन लिखवाकर दिल्ली और देश में जायदाद बनाई है। मैं आपको गारंटी देता हूं जिसने गरीबों से जमीन छीनी है, वह बचकर नहीं जा पाएगा।

प्रधानमंत्री ने अपने विरोधियों पर अपनी संतानों को आगे बढ़ाने के लिए चिंतित होने का आरोप लगाते हुए कहा, मेरा कोई वारिस नहीं है। आप लोग मेरे वारिस हैं। उन्होंने कहा, ''राजग को दिया आपका वोट केंद्र में मोदी की मजबूत सरकार बनाएगा। राजद-कांग्रेस, ये 'इंडिया' गठबंधन को तो अगर किसी ने गलती से भी बटन दबा दिया ना तो उसका वोट तो बेकार जाना तय है और बिहार के लोग समझदार हैं, वे बेकार जाने वाली चीज करते ही नहीं। इसलिए अपना वोट सरकार और देश बनाने, अपने और अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए दीजिए। आप अपना वोट राजग को दीजिए।