Saturday 13-Jun-2026

गोपालगंज में ओवैसी के पार्टी के नेता की गोली मारकर हत्या

गोपालगंज में ओवैसी के पार्टी के नेता की गोली मारकर हत्या

गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के तुरकाहां पुल के समीप सोमवार की देर रात पूर्व मुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पूर्व मुखिया नगर थाना क्षेत्र के बनकट तकिया गांव के स्वर्गीय मोहम्मद हारुन अहमद के पुत्र अब्दुल सलाम उर्फ असलम मुखिया थे। वे एआईएमआईएम के प्रदेश सचिव व पार्टी के सारण प्रमंडल के प्रभारी थे। गोपालगंज इस्लामिया मदरसा के सचिव पद पर भी थे। गोपालगंज विधान सभा क्षेत्र का पिछला उपचुनाव भी लड़ा था।

बताया जा रहा है कि पूर्व मुखिया एक शख्स के साथ बाइक से तुरकाहां पुल की तरफ से गोपालगंज की ओर आ रहे थे। इस बीच एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए उन्हें गोपालगंज सदर अस्पताल में लाया गया। जहां इमरजेंसी वार्ड में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सदर एसडीपीओ प्रांजल पुलिस बल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की।

एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मामले में एसआईटी का गठन किया गया है। एसआईटी में नगर इंस्पेक्टर ओम प्रकाश चौहान, थावे थानाध्यक्ष धीरज कुमार, जादोपुर थानाध्यक्ष विकास पांडेय व डीआईयू को शामिल किया गया है। सदर एसडीपीओ प्रांजल के नेतृत्व में एसआईटी टीम अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।