प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर पाकिस्तान का 'हमदर्द' होने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि पड़ोसी मुल्क तो पस्त पड़ गया है लेकिन इन दोनों विपक्षी दलों के लोग उसके पास 'एटम बम' होने की बात कहकर भारत को डरा रहे हैं। मोदी ने कांग्रेस पर अपने ही पार्टी संविधान को नहीं मानने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि सोनिया गांधी को पार्टी अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाने के लिये अति पिछड़े समाज से आने वाले तत्कालीन कांग्रेस प्रमुख सीताराम केसरी का अपमान किया गया था।
प्रधानमंत्री ने बस्ती जिले में बस्ती, संत कबीर नगर और डुमरियागंज लोकसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए सपा और कांग्रेस पर तुष्टीकरण समेत अनेक आरोप लगाये। उन्होंने कहा, आतंक का सरपरस्त देश जो हमें आंखें दिखाता था, आज उसकी हैसियत वैसी हो गई है कि ना घर का ना घाट का। पाकिस्तान तो पस्त पड़ गया है लेकिन उसके हमदर्द समाजवादी पार्टी और कांग्रेस वाले अब भारत को डराने में जुटे हैं। ये लोग कहते हैं कि पाकिस्तान से डरो क्योंकि उसके पास एटम बम है।
मोदी ने कहा, आज भारत में कांग्रेस की कमजोर सरकार नहीं है बल्कि मोदी की मजबूत सरकार है। अगर डरना है तो वे लोग डरें जो मानवता में विश्वास नहीं करते, जो आए दिन खून की नदियां बहाते हैं। भारत किसी को डराना नहीं चाहता है लेकिन भारत हमें डराने वालों को कभी बख्शेगा नहीं। भारत आज घर में घुसकर मारता है।
पीएम मोदी ने सपा और कांग्रेस पर तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए कहा, इंडिया गठबंधन की परिवारवादी पार्टियों ने तुष्टीकरण की सारी हदें पार कर दी हैं। इन लोगों को राम मंदिर और राम से परेशानी है। सपा के एक बड़े नेता कहते हैं कि राम मंदिर तो बेकार है। सपा खुलेआम कहती है कि राम मंदिर जाने वाले राम भक्त पाखंडी हैं। एक और नेता ने कहा कि राम मंदिर अपवित्र है। ये लोग सनातन धर्म के विनाश करने की बात करते हैं और इन सबकी आका कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस के शहजादे (राहुल गांधी) तो राम मंदिर से जुड़े उच्चतम न्यायालय के फैसले को पलटकर राम मंदिर पर बाबरी ताला लगाने का सपना देख रहे हैं। वह रामलला को फिर से टेंट में भेजना चाहते हैं।