Friday 17-Apr-2026

पप्पू यादव को मिली धमकी तो पत्नी रंजीत रंजन की ओर से आया रिएक्शन, कहा- मेरा उनसे कोई संबंध नहीं

पप्पू यादव को मिली धमकी तो पत्नी रंजीत रंजन की ओर से आया रिएक्शन, कहा- मेरा उनसे कोई संबंध नहीं

पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।

पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के जरिए कथित रूप से लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से खतरे का हवाला दिए जाने पर कांग्रेस सांसद और पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन ने कहा है कि मेरा और पप्पू यादव का राजनीतिक जीवन अलग-अलग रहा है। हमारे बीच बहुत मतभेद है और हम पिछले डेढ़-दो सालों से अलग-अलग रह रहे हैं। उन्होंने जो कुछ भी कहा है, उससे मेरा और मेरे बच्चों का कोई संबंध नहीं है।

बता दें कि पप्पू यादव ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से धमकी भरे कॉल के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ाने की मांग करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र भी लिखा है। 21 अक्टूबर को लिखे गए इस पत्र को सोमवार को सार्वजनिक किया गया, जब मीडिया के एक वर्ग ने बिश्नोई के एक कथित सहयोगी से दुबई के नंबर से की गई कॉल की एक ऑडियो क्लिप भी चलाई।

जिसे मारना है, आकर मार दे: पप्पू यादव
गौरतलब है कि सोमवार को पप्पू यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनका काम है धमकी देना लेकिन मेरा काम अपने कार्यों में लगे रहना है। मैंने चिट्ठी भी लिख दी है कि आप अपनी सुरक्षा लौटा लें। मेरे पास कोई सुरक्षा नहीं है। जिसे मारना है आकर मार दे। इस देश की जनता मेरे लिए भगवान है और मैं मरते दम तक उसकी मदद करूंगा। मेरा किसी से निजी झगड़ा नहीं है हालांकि देश के किसी नागरिक पर यदि कोई संकट आता है तो हम उनके साथ खड़े हैं।

impact add1