Wednesday 24-Jun-2026

बिश्नोई गैंग की धमकी से डर गए पप्पू यादव? सांसद ने कहा- कौन है ये प्राणी...

बिश्नोई गैंग की धमकी से डर गए पप्पू यादव? सांसद ने कहा- कौन है ये प्राणी...

पटना, इंपैक्ट लाइव न्यूज।

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को हाल ही में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक सदस्य की ओर से फोन कॉल कर कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। धमकी मिलने के बाद पप्पू यादव अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से कर चुके हैं। अब पप्पू यादव ने एक बार फिर लॉरेंस बिश्नोई पर रिएक्शन दिया है। मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने लॉरेंस बिश्नोई को लेकर यह कह दिया कि ये कौन प्राणी है? मुझे कोई डरा या धमका नहीं सकता है।

impact add1

दरअसल, पप्पू यादव से सवाल पूछा गया था कि लॉरेंस बिश्नोई जेल के अंदर है। जेल से कैसे सब ऑपरेट हो रहा है? इस पर पप्पू यादव ने कहा, मुझे नहीं पता ये कौन प्राणी है। दुनिया में कैसे क्या हो रहा ये तो सरकार न समझेगी। सरकार गंभीर नहीं है। सरकार चाहती है कि पप्पू यादव खत्म हो। सिरदर्दी है उनके लिए। मैं सरकार से भीख नहीं मांगूंगा। कानून के तहत उनको (केंद्र सरकार) बताना था कि ऐसी-ऐसी (जान से मारने की धमकी वाले कॉल के बारे में) घटना है देख लीजिए।

बता दें कि पप्पू यादव को हाल ही में जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी लॉरेंस बिश्नोई के भाई द्वारा वॉट्सएप ऑडियो कॉल के जरिए दी गई है। पप्पू यादव ने पुलिस के एक सीनियर अधिकारी को पत्र लिखकर पूरे मामले की जानकारी भी दी है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी मिलने के पहले ही पप्पू यादव ने 21 अक्टूबर को गृह मंत्रालय से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी। इसको लेकर पप्पू यादव ने गृह मंत्रालय को पत्र भी लिखा था।