Thursday 30-Apr-2026

सभी के लिये आप प्रधानमंत्री हो, लेकिन पैरा एथलीटों के लिये... योगेश कथुनिया ने PM मोदी से कह दी दिल की बात

सभी के लिये आप प्रधानमंत्री हो, लेकिन पैरा एथलीटों के लिये... योगेश कथुनिया ने PM मोदी से कह दी दिल की बात

नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से गुरुवार को पेरिस पैरालंपिक के खिलाड़ियों ने मुलाकात पर कहा कि अन्य लोगों के आप पीएम के रूप में प्रधानमंत्री है तो हमारे लिए तो आप परम मित्र है। गुरुवार को प्रधानमंत्री आवास पर हुई बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने पैरालंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी। भारतीय पैरा एथलीटों ने पेरिस पैरालम्पिक में रिकॉर्ड 29 पदक जीते जिसमें सात स्वर्ण, नौ रजत और 13 कांस्य शामिल हैं।

दो बार के पैरालम्पिक रजत पदक विजेता चक्काफेंक खिलाड़ी योगेश कथुनिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान कहा कि बाकी लोगों के लिये आप पीएम मतलब प्रधानमंत्री हैं लेकिन हम सभी पैरा एथलीटों के लिये आप पीएम यानी परम मित्र हैं। पेरिस पैरालंपिक में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों ने पीएम मोदी को अपनी-अपनी ओर से टी-शर्ट, जूते और तीर जैसी चीजें उपहार स्वरुप भेंट की। पैरा तीरंदाज हरविंदर सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना तीर भेंट किया। वहीं शीतल देवी ने अपने हस्ताक्षर वाली टी शर्ट प्रधानमंत्री को भेंट की। भाला फेंक चैंपियन पैरा एथलीट नवदीप सिंह ने प्रधानमंत्री को कैप पहनाई।

भारतीय खेल प्राधिकारण (साई) ने प्रधानमंत्री मोदी और पैरालंपियन खिलाड़ियों के साथ मुलाकात का वीडियो साझा किया। इस दौरान खिलाडियों ने कहा कि जब लोग हमसे पूछते है कि आपका ब्रांड एम्बेसडर कौन है तो हम बताते है। हमारे ब्रांड एम्बेसडर प्रधानमंत्री मोदी है। इन वीडियो में प्रधानमंत्री को पैरालंपियन पदक विजेताओं को बधाई देते और उनसे बात करते हुए देखा गया है। इस दौरान इस अवसर पर केन्द्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) के प्रमुख देवेंद्र झाझडिया भी उपस्थित थे। मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने खेल के दौरान खिलाड़ियों के अनुभव को भी जाना।

impact add5