हफ्ते भर के भीतर दूसरी बार विमान के इंजन में खराबी की वजह से शुक्रवार को पटना एयरपोर्ट पर यात्रियों की भारी फजीहत हुई। दरअसल पटना से दिल्ली के उड़ान भरने जा रहे विस्तारा के विमान के इंजन में शुक्रवार को खराबी आ गई। विस्तारा की यह फ्लाइट दिल्ली से पटना में दिन के 10.20 बजे में लैंड की। करीब 11.05 बजे 154 यात्रियों को लेकर विमान दिल्ली के लिए उड़ान भरने रनवे पर जा रही रही थी इसी बीच इंजन ने काम करना बंद कर दिया। पायलट ने विमान के इंजन को चालू करने की कोशिश की लेकिन यह संभव नहीं हो पाया। एटीसी को सूचना देने के बाद सुरक्षित तरीके से विमान को पार्किंग में लाया गया। इससे पहले विमान में यात्रियों की बोडिंग हो चुकी थी।
यात्रियों ने किया हंगामा
यात्रियों को विमान में खराबी की सूचना देने के बाद उन्हें विमान से उतारा गया और उन्हें सिक्योरिटी होल्ड एरिया में बैठाया गया। इधर जब दो घंटे के इंतजार के बाद भी विमान को ठीक नहीं किया जा सका तो यात्री आक्रोशित हो गए। यात्रियों ने जरूरी काम का हवाला देकर एयरपोर्ट पर पर जमकर हंगामा किया। यात्रियों ने आरोप लगाया कि एयरलाइंस की ओर से यह जानकारी नहीं दी गई कि विमान कब ठीक होगा और कब तक यात्री जा सकेंगे। यात्री दूसरा विमान मंगवाने को लेकर अड़े थे। यात्रियों ने कहा कि शनिवार को दिल्ली में अधिकतर कार्यालय बंद रहते हैं। वे अपना जरूरी काम नहीं निबटा पाएंगे। सीआईएसएफ के जवानों ने यात्रियों को समझाया तकनीकी खराबी के जल्द दुरूस्त होने की बात कहकर समझाया।
दिल्ली से आए इंजीनियरों ने विमान को किया दुरुस्त
विमानन कंपनी की ओर से दिल्ली से आए इंजीनियरों की टीम को पटना ले आया गया। लगभग साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद इसे ठीक किया गया। विमान को फीटनेस प्रमाण पत्र मिलने के बाद यात्रियों की फिर से बोर्डिंग कराई गई। यह विमान लगभग 3 बजकर 30 मिनट में 142 यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुई। यात्रियों ने फिर से इस बात पर सवाल उठाया है कि आखिर पटना के इंजीनियरों से विमान क्यों दुरुस्त नहीं हुआ। विमानन कंपनी के प्रतिनिधियों से यात्रियों की नोकझोंक भी हुई।
12 यात्रियों ने टिकट करा लिए रद्द
इधर कई यात्री विमान के ठीक न होते देख अपनी टिकट रद्द करा ली। इनमें कई यात्रियों को दिल्ली से दूसरे शहरों को जाना था। एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि 12 यात्रियों ने टिकट रद्द करा ली। गौरतलब है कि हफ्ते में दूसरी बार किसी विमान के इंजन में खराबी आई है। इससे पहले मंगलवार को इंडिगो का पटना कोलकाता विमान भी खराब हुआ था। उसके इंजन से ईंधन का रिसाव हो रहा था जिसके बाद उसे ग्राउंडेड करना पड़ा था। गुरुवार को इंडिगो का विमान ठीक कर भेजा गया था।