Saturday 13-Jun-2026

पटना पुलिस का दावा, चंदन यादव ने रची थी बीएन कॉलेज के छात्र हर्ष राज की हत्या की साजिश

पटना पुलिस का दावा, चंदन यादव ने रची थी बीएन कॉलेज के छात्र हर्ष राज की हत्या की साजिश

बिहार पुलिस ने मंगलवार को दावा किया कि उसने पटना विश्वविद्यालय के विधि महाविद्यालय परिसर में बीएन कॉलेज के स्नातक अंतिम वर्ष के एक छात्र की निर्मम हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पटना कॉलेज के अंतिम वर्ष के छात्र और पटना के बिहटा निवासी चंदन कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने दावा किया कि पटना कॉलेज के जैक्सन हॉस्टल में रहने वाले चंदन कुमार ने सोमवार को पटना विश्वविद्यालय के बी एन कॉलेज के छात्र हर्ष राज (22) की हत्या की साजिश रची।

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजीव मिश्र ने बताया, चंदन कुमार इस मामले में मुख्य आरोपी है। उससे पूछताछ की जा रही है। स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र हर्ष राज की सोमवार को पटना विश्वविद्यालय के विधि महाविद्यालय परिसर में कुछ अज्ञात लोगों ने कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना तब हुई थी जब हर्ष राज दोपहर में अपने परीक्षा केंद्र से बाहर आ रहा था। वह विधि महाविद्यालय परिसर में अपनी स्नातक परीक्षा देने गया था और छात्रों के एक समूह ने उसकी पिटाई कर दी थी। घायल अवस्था में पुलिस उसे अस्पताल ले गई जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पटना पुलिस द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि वारदात के तुरंत बाद जिला पुलिस ने एक एसआईटी का गठन किया और साजिश रचने वाले चंदन कुमार को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ के दौरान चंदन कुमार ने अपना अपराध कबूल लिया। पूछताछ के दौरान चंदन ने वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान का भी खुलासा किया।

पटना पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि घटना किसी पुरानी दुश्मनी के कारण हुई होगी। हालांकि घटना का सही कारण जांच पूरी होने के बाद ही पता चल सकेगा। पुलिस ने अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। इस घटना से आक्रोशित विद्यार्थियों के कुछ समूहों ने शहर के विभिन्न स्थानों के साथ-साथ पटना विश्वविद्यालय के बाहर भी विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी छात्रों ने पटना के कारगिल चौक चौराहे पर टायर जलाकर यातायात को अवरुद्ध करने की भी कोशिश की।

घटना पर टिप्पणी करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि घटना बेहद निंदनीय है। इसे कहते हैं असली ''जंगलराज'' जब कॉलेज परिसर में किसी छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी जाती है। भाजपा नेताओं को क्या हो गया है। वे चुप्पी क्यों साधे हुए हैं। वे इस घटना का विरोध क्यों नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बिहार में राजग सरकार के सत्ता में आने के बाद से राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ते जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाना चाहिए।