Saturday 13-Jun-2026

औरंगाबाद में छात्रा की मौत पर बोले पवन सिंह, इंसाफ दिलाने के लिए अंतिम सांस तक लडूंगा

औरंगाबाद में छात्रा की मौत पर बोले पवन सिंह, इंसाफ दिलाने के लिए अंतिम सांस तक लडूंगा

बिहार के औरंगाबाद जिले से लापता नाबालिग छात्रा का शव मिलने के बाद से राज्य में भूचाल मचा है. इंद्रपुरी सोन बराज से पुलिस ने 15 जून को छात्रा का शव बरामद किया था. पुलिस मामले की जांच कर रही है. एक ओर जहां पुलिस इसे हत्या या आत्महत्या का मामला बता रही है तो वहीं दूसरी ओर छात्रा के परिजन इसे हत्या बता रहे हैं. इस बीच भोजपुरी स्टार पवन सिंह भी मृतक छात्रा के परिजनों से मुलाकात की है.

पवन सिंह नबीनगर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मिले. मुलाकात के बाद पवन सिंह ने कहा कि नाबालिग छात्रा को इंसाफ दिलाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मिलेंगे. वे चाहेंगे कि छात्रा के परिजनों को इंसाफ मिले, इसके लिए वह अंतिम सांस तक लड़ेंगे.

पवन सिंह ने कहा है कि अगले चार पांच दिनों के भीतर यदि इस मामले का खुलासा नहीं होता है तो इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री के पास जाएंगे. मामले में न्याय की मांग करेंगे. धैर्य रखने की आवश्यकता है, मेरी बिटिया को इंसाफ जरूर मिलेगा. नबीनगर की हर मां मेरी मां है और हर बहन मेरी बहन है और पूरी जनता मेरा परिवार है.

गौरतलब है कि नबीनगर की रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा का शव 15 जून को रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के सोन नदी स्थित बांध से मिला था. जिसे इंद्रपुरी थाना ने लावारिस कहकर सदर हॉस्पिटल सासाराम भेज दिया था. बाद में पोस्टमार्टम के दौरान छात्रा के जेब से मिले कागज से पता चला कि छात्रा नबीनगर की रहने वाली है, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट नबीनगर थाना में 11 जून को दर्ज कराई गई थी.

छात्रा की सहेली समेत तीन लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था. हालांकि पुलिस ने बाद में तीनों नामजद व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. घटना के बाद से स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी. मृतक छात्रा को न्याय दिलाने के लिए जगह-जगह विरोध प्रदर्शन और मोमबत्ती जुलूस निकाले जाने लगे.